Maatrubhumi Trailer: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ (Maatrubhumi: May War Rest in Peace) का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। लंबे इंतजार के बाद मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट में इस फिल्म का पहला आधिकारिक ट्रेलर दुनिया के सामने लाया गया। ट्रेलर लॉन्च के इस खास मौके पर सलमान खान ने न केवल फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान किया, बल्कि पिछले काफी समय से फिल्म की कहानी, स्क्रिप्ट में बदलाव और सरकार के कथित हस्तक्षेप को लेकर चल रही सभी अफवाहों पर भी बेबाकी से अपनी चुप्पी तोड़ी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान खान ने साफ तौर पर कहा कि उनकी फिल्म की स्क्रिप्ट बदलने के लिए भारत सरकार की तरफ से कोई दबाव नहीं था। उन्होंने मीडिया में चल रही इन सभी खबरों को पूरी तरह से ‘बकवास’ और निराधार करार दिया।
Maatrubhumi Trailer: अफवाहों पर सलमान खान का सीधा प्रहार- “ये सब बकवास है”
पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया और कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि फिल्म में भारत और चीन के बीच हुए संवेदनशील सीमा विवाद (गलवान घाटी संघर्ष) को दिखाए जाने के चलते सेंसर बोर्ड और सरकार ने इस पर आपत्ति जताई है। अफवाहें थीं कि सरकार के दबाव में आकर मेकर्स को फिल्म की कहानी दोबारा लिखनी पड़ी और इसमें बड़े बदलाव करने पड़े।
इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए
सलमान खान ने कहा, “ये जो नैरेटिव बनाया जा रहा है ना कि हम चीन के खिलाफ जा रहे हैं, वगैरह-वगैरह, और फिर हमारी सरकार ने हम पर प्रेशर डाला है कि इसकी स्क्रिप्ट चेंज करो या इसे वापस से लिखो… ये सब बकवास है। इस बात में बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है।” उन्होंने साफ किया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने भी फिल्म को बिना किसी कट के क्लियर कर दिया है।
चीन के खिलाफ नफरत नहीं, सैनिकों के हालात पर है फिल्म
फिल्म की थीम पर बात करते हुए सलमान खान ने साफ किया कि ‘मातृभूमि’ कोई राजनीतिक या नफरत फैलाने वाली फिल्म नहीं है। उन्होंने कहा, “हमने सैनिकों के ऊपर फिल्म बनाई है।” फिल्म में यह दिखाया गया है कि सीमा पर तैनात जवान और उनके परिवार दोनों तरफ (भारत और चीन) किन हालातों से गुजरते हैं।
सलमान के अनुसार, फिल्म में कोई विलेन या नेगेटिव फोर्स नहीं है, बल्कि परिस्थितियां ही ऐसी हैं जो दोनों पक्षों को आमने-सामने खड़ा कर देती हैं। उन्होंने आगे कहा कि सैनिक आपस में एक-दूसरे का सम्मान करते हैं, लेकिन जब देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान की बात आती है, तो उनके लिए देश सबसे पहले आता है। दोनों ही पक्ष मिलकर परिस्थितियों को संभालने और शांति बनाए रखने की कोशिश करते हैं। (Maatrubhumi Trailer)
‘बैटल ऑफ गलवान’ से कैसे बनी ‘मातृभूमि’?
शुरुआत में इस फिल्म को ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से प्रमोट किया जा रहा था, जो जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक झड़प से प्रेरित थी। सलमान खान ने बताया कि फिल्म का शुरुआती आइडिया इसके डायरेक्टर अपूर्व लाखिया का ही था। उन्होंने टाइटल बदलने की वजह साझा करते हुए कहा कि क्लैपबोर्ड पर शुरुआत में सिर्फ एक कामचलाऊ नाम लिख दिया गया था, लेकिन मेकर्स को पहले से ही पता था कि उन्हें यह टाइटल नहीं चाहिए। बाद में संगीतकार हिमेश रेशमिया के एक गाने से प्रेरित होकर फिल्म का नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ रखा गया। मौजूदा वर्जन में युद्ध से ज्यादा सैनिकों के मानवीय पहलुओं और उनके अनुभवों को तवज्जो दी गई है।
कर्नल संतोष बाबू के किरदार में दिखेंगे सलमान
इस देशभक्ति से लबरेज फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के वीर जवान कर्नल बी. संतोष बाबू का मुख्य किरदार निभा रहे हैं। कर्नल संतोष बाबू 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे, जिन्होंने 2020 में गलवान घाटी संघर्ष के दौरान अदम्य साहस दिखाते हुए देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था और उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। सलमान खान के साथ इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। उनके अलावा मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया और ज़ेन शॉ जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में हैं, जबकि अभिनेता विजय राज ने फिल्म में नैरेटर के रूप में अपनी आवाज दी है। (Maatrubhumi Trailer)
रिलीज में देरी की असली वजह और नई तारीख
‘मातृभूमि’ को पहले जनवरी, अप्रैल और फिर जून 2026 में रिलीज करने की चर्चाएं थीं। फिल्म की इस देरी को भी लोगों ने सेंसरशिप विवाद से जोड़कर देखा था। इस पर सफाई देते हुए सलमान खान ने कहा, “रिलीज डेट थोड़ा ऊपर-नीचे हो रही है, लेकिन यह हमारी वजह से हो रही है। क्योंकि हमारी फिल्म का वीएफएक्स (VFX) अभी तक पूरा नहीं हुआ था। हम चाहते हैं कि दर्शकों को एक बेहतरीन सिनेमाई अनुभव मिले, इसलिए इसमें थोड़ा वक्त लगा। इसमें किसी बाहरी तत्व या सरकार का कोई हाथ नहीं है।” सलमान खान ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि यह भव्य देशभक्ति फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
One Response