CBSE Board Exam 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026-27 सत्र के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। इस बार CBSE ने परीक्षा शुरू होने से करीब 101 दिन पहले ही टाइम-टेबल जारी कर दिया है। इससे छात्रों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल गया है। छात्र अपनी सभी विषयों की डेटशीट देखने और डाउनलोड करने के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जा सकते हैं।
CBSE Board Exam 2027: परीक्षा की जरूरी तारीखें
CBSE की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक चलेंगी। वहीं, 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी मुख्य परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। प्रैक्टिकल परीक्षाओं की बात करें तो सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी से 13 फरवरी 2027 के बीच होंगे। वहीं, सर्दियों वाले स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की विषयवार डेटशीट
CBSE की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षाओं का शेड्यूल इस प्रकार है-
| तिथि | विषय |
| 16 फरवरी | पेंटिंग |
| 17 फरवरी | गणित |
| 19 फरवरी | होम साइंस |
| 22 फरवरी | साइंस |
| 24 फरवरी | कंप्यूटर एप्लीकेशन, आइटी |
| 26 फरवरी | इंग्लिश |
| 3 मार्च | हिंदी |
| 4 मार्च | भाषा |
| 8 मार्च | सोशल साइंस |
CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 की विषयवार डेटशीट
कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए परीक्षा का विषयवार शेड्यूल नीचे दिया गया है-
| तारीख | विषय |
|---|---|
| 16 फरवरी | फिजिक्स |
| 18 फरवरी | फिजिकल एजुकेशन |
| 19 फरवरी | बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप |
| 23 फरवरी | अकाउंटेंसी |
| 24 फरवरी | पेंटिंग |
| 25 फरवरी | जियोग्राफी |
| 27 फरवरी | केमिस्ट्री |
| 2 मार्च | साइकोलॉजी |
| 3 मार्च | भाषा |
| 5 मार्च | इंग्लिश |
| 9 मार्च | गणित |
| 11 मार्च | होम साइंस |
| 13 मार्च | हिंदी |
| 15 मार्च | म्यूजिक |
| 16 मार्च | इकोनॉमिक्स |
| 19 मार्च | पॉलिटिकल साइंस |
| 25 मार्च | बायोलॉजी |
| 27 मार्च | हिस्ट्री |
| 30 मार्च | सोशियोलॉजी |
| 31 मार्च | कंप्यूटर साइंस, आईटी |
| 1 अप्रैल | बिजनेस स्टडीज |
| 8 अप्रैल | लीगल स्टडीज |
2027 की बोर्ड परीक्षा में 46 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल
इस बार CBSE बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या 46.3 लाख से ज्यादा है। इनमें कक्षा 10वीं के करीब 26.5 लाख और कक्षा 12वीं के लगभग 19.8 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, बिहार से दोनों कक्षाओं को मिलाकर करीब 1.25 लाख छात्र बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे।
40 हजार से ज्यादा विषयों के कॉम्बिनेशन की हुई जांच
CBSE के मुताबिक, इस बार परीक्षा का टाइम-टेबल तैयार करने से पहले 40 हजार से ज्यादा विषयों के कॉम्बिनेशन की जांच की गई है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना था कि किसी छात्र के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े। इसके अलावा, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों के बीच छात्रों को रिवीजन के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। इसी तरह अकाउंटेंसी और इकोनॉमिक्स जैसे विषयों के बीच भी छुट्टियां रखी गई हैं। 12वीं की परीक्षा का शेड्यूल बनाते समय JEE Main, NEET और CUET जैसी प्रवेश परीक्षाओं का भी ध्यान रखा गया है। इससे छात्रों को बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ इन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का समय मिल सकेगा। बोर्ड ने परीक्षा के बीच का समय इस तरह रखा है कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी की समस्या भी न हो।
CBSE Admit Card 2027: कब जारी होंगे एडमिट कार्ड?
CBSE ने इस बार समय से पहले डेटशीट जारी की है। बोर्ड को स्कूलों से छात्रों की सूची यानी List of Candidates (LOC) समय पर मिल गई थी, जिसके कारण परीक्षा का शेड्यूल पहले जारी करना संभव हुआ। छात्रों के रोल नंबर और एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से कुछ सप्ताह पहले जारी किए जाने की उम्मीद है। स्कूलों के माध्यम से छात्रों को एडमिट कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। छात्र CBSE Pariksha Sangam Portal पर भी इससे जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।
छात्रों को अभी से शुरू कर देनी चाहिए तैयारी
बोर्ड परीक्षा की तारीखें जारी होने के बाद छात्रों को अपनी तैयारी तेज कर देनी चाहिए। परीक्षा से पहले मिले समय का सही इस्तेमाल करना जरूरी है। छात्र रोजाना पढ़ाई का टाइम-टेबल बनाएं और जिन विषयों में परेशानी है, उन पर ज्यादा ध्यान दें। इसके अलावा, पुराने प्रश्नपत्र, सैंपल पेपर और मॉक टेस्ट हल करने से परीक्षा की तैयारी बेहतर हो सकती है। इससे छात्रों को परीक्षा के पैटर्न को समझने और समय पर पेपर पूरा करने में भी मदद मिलेगी।






One Response