बिहार——
बिहार,पटना: बिहार के निर्धन परिवारों की सुधि लेने की कवायद भाजपा शुरु करने जा रही है। जानकारी के अनुसार भाजपा के शीर्ष स्तर पर विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि थैले के जरिए बिहार के निर्धन परिवारों के घरों तक पहुंचा जाये। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर लगे थैले को आम लोगों के बीच बांटनेवाली है।
इसके पीछे भाजपा का यह तर्क है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिल रहे राशन को घरों तक लाने में लोगों को दिक्कत हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए थैला देने का कार्य शुरू किया जा रहा है ताकि लोगों को राशन लाने में परेशानी नहीं हो।
बताया जा रहा है कि भाजपा 50 लाख घरों तक थैला पहुंचाने का योजना पर काम कर रही है। इस के जरिए भाजपा यह भी बताने की कोशिश करेगी कि पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत प्रत्येक माह में मिलने वाला 5 किलोग्राम अनाज मुफ्त में केन्द्र सरकार द्वारा दिया जा रहा है।
इसके जरिए केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी घर-घर तक जानकारी दी जाएगी। भाजपा का यह अभियान 14 जुलाई से प्रदेश भाजपा कार्यालय से प्रारंभ होकर 16 अगस्त से 21 अगस्त तक सभी जिला मुख्यालयों में इस थैले का वितरण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सांसद, विधायक, विधानपार्षद को टारगेट दिया गया है। साथ ही कई पदाधिकारियों को इसकी सफलता की जिम्मेवारी पार्टी द्वारा दी गई है।
वैसे बताया जा रहा है कि सभी जिला और मंडल में कार्यक्रम आयोजित कर लाभ पाने वाले लोगों को थैला दिया जायेगा। भाजपा की योजना बूथ लेवल तक थैला वितरण का कार्य करने की है। बताया जा रहा है कि थैले पर प्रधानमंत्री की तस्वीर है।इस थैले पर जो भी सांसद, विधायक चाहें अपनी तस्वीर लगा सकते हैं। इस थैले पर पार्टी का चुनाव चिन्ह और योजना का नाम भी लिखा रहेगा।
बिहार सरकार द्वारा पाॅलिथीन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। बिहार सरकार ने प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैले के प्रयोग का प्रचार प्रसार कर रही है। इसी को देखते हुए भाजपा जूट के थैले का प्रयोग कर रही है जो देखने में काफी आकर्षक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने अपने-अपने क्षेत्र में थैला वितरण की पूरी तैयारी कर ली है।
जे.पी.श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, बिहार।





