बिहार:—–
पटना: सत्ता के गलियारे में इन दिनों जेडीयू में गुटबाजी की चर्चा बहुत जोर पकड़ रही है। जबसे केन्द्रीय मंत्रिमंडल में आरसीपी सिंह मंत्री बने हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ललन सिंह की ताजपोशी हुई है तबसे जेडीयू में गुटबाजी चरम पर पहुंच चुकी है। बताते चलें कि दोनों नेता नीतीश कुमार के चहेते हैं। फिर भी दोनों नेता गुटबाजी को चरम पर ले जाने के लिए तुले हुए हैं। पूरी पार्टी दो गुटों में बंटी हुई दिख रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों गुट एक दूसरे को नीचा दिखाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। इन सब के पिछे आरसीपी सिंह से राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी खाली कराने से जोड़ कर देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी के बाद ललन समर्थकों ने 6 अगस्त को ललन सिंह के स्वागत की पूरजोर तैयारी की थी। बताया जाता है कि ललन सिंह के स्वागत की तैयारी से आरसीपी सिंह गुट के कार्यकर्ता पूरी तरह अलग रहे। इधर आरसीपी सिंह के स्वागत की तैयारी को लेकर बड़ी रणनीति पर काम हो रहा है। 6 अगस्त से ही आरसीपी सिंह गुट ऐसी तैयारी में लगा हुआ है कि 16 अगस्त को आरसीपी सिंह के स्वागत में इतनी भीड़ इकट्ठी हो जाये की ललन सिंह के स्वागत को फीका कर दे। यह भी पता चला है कि आरसीपी सिंह गुट के नेता अपने समर्थक विधायकों, सांसदों,विधान पार्षदों को फोन कर तैयारी में जुटने के लिए संदेश दिया है।
इसकी बानगी आरसीपी सिंह गुट के द्वारा स्वागत की तैयारी के लिए बनवाये गये पोस्टर को देखने से मिल रहा है। सबसे बड़ा पोस्टर जेडीयू कार्यालय के बाहर आरसीपी सिंह गुट के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा द्वारा लगवाया गया है जिसमें ललन सिंह और उपेन्द्र कुशवाहा का फोटो नदारद है। पोस्टर में राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोटो नहीं रहने के कारण पार्टी में भूचाल आ गया है। अभय सिंह कुशवाहा के इस कृत्य के लिए उनपर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो चुकी है। बताया जाता है कि ये वही अभय सिंह कुशवाहा हैं जिन्होंने आरसीपी सिंह के पक्ष में प्रदेश कार्यालय में भोज का आयोजन किया था।
ललन सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जब पटना आये थे तो एयरपोर्ट से ही उनके स्वागत की तैयारी की गई थी। ठीक उसी केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद पटना आ रहे आरसीपी सिंह के स्वागत की तैयारी पटना एयरपोर्ट से ही करने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि बिहार भर के खास लोगों को पटना आने को कहा जा रहा है। यह भी जानकारी मिली है कि जिसदिन ललन सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था उस दिन पार्टी के प्रदेश कार्यालय में लगे बधाई के पोस्टर से आरसीपी सिंह की तस्वीर गायब थी। उस दिन के बाद से ही जेडीयू में आंतरिक कलह उभर कर सामने आने लगी थी।
जे.पी.श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, बिहार।





