बिहार—–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
मोतिहारी: मोतिहारी शहर में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण द्वारा मोतिहारी नगर निगम के सभाकक्ष में एक बैठक की गई। इस बैठक में गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग, बिहार सरकार श्री प्रमोद कुमार,नगर निगम के महापौर,उप महापौर, सभी वार्ड पार्षद,नगर निगम के आयुक्त,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी श्री शीर्षत कपिल अशोक ने एक-एक वार्ड पार्षदों से उनके वार्ड में जलजमाव का फीडबैक लिया तथा इसके निदान हेतु विचार विमर्श किया।
नगर निगम आयुक्त ने सभी वार्डो में जलजमाव की स्थिति के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी, मोतिहारी को मिलकर मुख्य नालों की सफाई हेतु कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।नाले पर हुये अवैध निर्माण को तुरंत अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अत्यंत महत्वपूर्ण बातों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि ड्रेनेज, सीवरेज और ट्रीटमेंट पर नगर निगम को विशेष रूप से ध्यान देना चाहिए। वार्ड पार्षदों की अहम भूमिका की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि यदि सभी वार्ड पार्षद समय रहते जलजमाव को दूर करने का सार्थक प्रयास करें तो जलजमाव की स्थिति उत्पन्न ही नहीं होगी।
शहरवासियों को जिलाधिकारी के इस कदम से एक आशा बंधी है कि मोतिहारी शहर को जलजमाव से शीघ्र निजात मिलेगी।




