मुजफ्फरपुर के रेपुरा स्थित एसबीआई ब्रांच से 6.82 लाख की लूट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार —

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

मुजफ्फरपुर: अपराधियों का मनोबल कितना बढ़ा हुआ है इसका अंदाजा मुजफ्फरपुर जिला के रेपुरा बाजार स्थित एसबीआई शाखा में हुई 6.82 लाख की लूट से लगाया जा सकता है जिसकी जानकारी सूत्रों से मिली है।
आज सुबह बैंक खुलते ही जिस समय भीड़भाड़ काफी कम थी। सिर्फ स्टाफ और इक्का-दुक्का ग्राहक ही आये हुये थे उसी समय बाइक से आये अपराधी ग्राहक बन कर बैंक में घुसे और पिस्तौल के बल पर ग्राहकों और बैंक कर्मियों को अपने कब्जे में लेकर तकरीबन 20 मिनट तक लूटपाट करते रहे। वारदात के समय कुछ महिला उपभोक्ता भी बैंक के अन्दर मौजूद थी।
कहते हैं कि लूट की घटना की जानकारी किसी तरह स्थानीय लोगों को लग गई। उनलोगों की ओर से लूट का विरोध करते हुए हल्ला मचाया जाने लगा। लेकिन अपराधियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। लूट को अंजाम देते हुए एक-एक कर अपराधी बैंक से बाहर निकले और खुलेआम हथियारों को लहराते हुए पहले तो लोगों को डराया फिर फायरिंग करते हुए आराम से भाग निकले। अपराधियों की उम्र 25 से 30 वर्ष की बताई जा रही है। संभवतः बैंक के बाहर भी कुछ अपराधी थे जो भीतर गये साथियों के सुरक्षा में लगे थे।
लूटेरों के भागते ही बैंक कर्मियों ने सायरन बजाया जिसकी आवाज सुनकर बैंक के बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। दिनदहाड़े हुई इस बैंक लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस बैंक में पहुंच कर घटना की छानबीन में जुट गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरैया राजेश कुमार शर्मा द्वारा बताया गया कि घटना का उद्भेदन करने तथा अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष जांच दल का गठन कर दिया गया है।बैंक कर्मियों और बैंक में उस समय उपस्थित अन्य उपभोक्ताओं से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। घटना के हर पहलू पर पुलिस जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले की सीमा को सील कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *