जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
बिहार: पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभिन्न बैंकों के एटीएम में रुपये डालने का काम समस्तीपुर में सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड कंपनी करती है। इसी कंपनी के तीन कर्मियों ने मिलकर बैक के 2 करोड़ 27 लाख 28 हजार रुपए का गबन कर लिया। गबन किये गये रुपए की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होती है। कंपनी के कर्मी इस गबन के खेल को कई महिनों से खेल रहे थे। बताया जाता है कि एसबीआई से आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी 15 लाख रुपए एटीएम मशीन में लोड करने के लिए उठाते थे लेकिन मशीन में मात्र 5 लाख जमा कर शेष 10 लाख अपने पास रख लेते थे। इसका खुलासा पकड़े गये कर्मियों ने खुद किया है। यह मामला आउटसोर्सिंग कंपनी के छह महिनें के ऑडिट के बाद उजागर हुआ। मामला संज्ञान में आने के बाद शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस अनुसंधान में लग गई। अनुसंधान के क्रम में डीएसपी को इस गोरखधंधे की पूरी जानकारी मिली। जिसके आधार पर इस कांड के मास्टर माइंड दिवाकर सिंह को हैदराबाद हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर समस्तीपुर लाया गया। मास्टरमाइंड दिवाकर सिंह पिता आलोक कुमार सिंह,ग्राम मगरदही(डीआरएम ऑफिस काली मंदिर के निकट) नगर थाना-समस्तीपुर,से पूछताछ में दो और आरोपियों का नाम उजागर हुआ जिसमें एक मो.इस्लाम पिता मो.हबीब ग्राम-भगवानपुर कमला,थाना उजियारपुर, दूसरा आशीष कुमार अनुराग पिता अनिल कुमार गुप्ता, ग्राम चांदचोर थाना उजियारपुर है। पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफतार कर पूछताछ की। इसे डीएसपी सदर प्रितीश कुमार ने प्रेस वार्ता में सार्वजनिक किया है। बताते चलें कि एटीएम मशीन डालनेवाली कंपनी रुपये की गड़बड़ी के लिए जिम्मेवार होती है। बैंक को इससे कुछ लेना-देना नहीं होता है। मिली जानकारी के अनुसार घपला किये गये रुपयों में से मो. इस्लाम ने अपने रिश्तेदारों को लगभग 94 लाख रुपया सूद पर दिया था। अपनी पत्नी के नाम से 70 लाख रुपए की जमीन खरीदी थी,अपने पिता के इलाज में 30 लाख और अपने इलाज में 5 लाख रुपए खर्च किया था। पुलिस गहनता से जांच में जुटी है। पुलिस की जांच में और भी चौंकाने वाली बात सामने आ सकती है। कंपनी कानून में रुपये गबन करनेवाले से रुपयों की वसूली का प्रावधान है। देखना है रुपये की वसूली हो पाती है या नहीं। जानकारी मिली है कि गिरफ्तार इस्लाम के घर से तलाशी में 3 लाख 35 हजार नकद,सोने की एक चेन,एक अंगूठी,एक हाथ का कड़ा और विभिन्न बैंकों के 11 एटीएम कार्ड तथा नौ चेकबुक और दो मोबाइल बरामद हुआ है।





