बीजेपी और जेडीयू नेताओं के बीच बिहार में घमासान आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार–

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

पटना: बिहार में एनडीए की सरकार है।बड़े भाई की भूमिका में बीजेपी और छोटे भाई की भूमिका में जदयू अपना अपना रोल निभा रही है। साथ में हम और वीआईपी भी सहयोगी दल की भूमिका में है। अब जहां चार बर्तन एक साथ होंगे तो आपस में टकराना स्वाभाविक है। इसी कारण कभी बीजेपी,कभी जदयू,कभी हम तो कभी वीआईपी के बिगड़े बोल सुनाई देते रहते हैं।

बिहार में हाल के दिनों में सीवान,बांका और दरभंगा में हुये ब्लास्ट के कारण राजनीति के गलियारे में सियासत तेज हो गई है। बीजेपी सांसद अजय निषाद के बयान पर सहयोगी जदयू ने निशाना साधते हुए बयान दिया है कि जिन्होंने देश की आजादी में योगदान नहीं दिया वे क्या जानें कि मदरसों में कैसी पढ़ाई होती है।

बताते चलें कि बीजेपी सांसद अजय निषाद और पार्टी के पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मदरसों में बच्चों को धार्मिक पढ़ाई के नाम पर बरगलाया जाता है। बच्चों को धार्मिक उन्माद की सीख दी जाती है,जिससे आगे चलकर वे बच्चे विध्वंसक गतिविधियों में शामिल होते हैं और देश को नुक्सान पहुंचाने का कार्य करते हैं।

बीजेपी के इस बयान पर पलटवार तो होना ही था। जदयू और हम के नेताओं ने बीजेपी सांसद अजय निषाद पर हमला बोल दिया। जदयू नेता ग़ुलाम रसूल बलियावी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने कभी मदरसा देखा नहीं, न मदरसे का कभी इतिहास पढ़ा वे क्या जानें कि मदरसों में क्या पढ़ाई होती है। इस तरह की मानसिकता रखने वाले जिन्होंने देश की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया उन्हें मदरसों के इतिहास के बारे में क्या जानकारी हो सकती है। ऐसे लोग बयान देकर धार्मिक उन्माद को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

जदयू के सुर में सुर मिलाते हुए हम नेता दानिश रिजवान ने भी बीजेपी नेताओं के बयान पर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि कोई धर्म और कोई शिक्षण संस्थान आतंकवाद की ट्रेनिंग नहीं देती है। यदि कहीं इक्का-दुक्का घटनाएं घट भी जाये तो पूरे कौम को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता है। दानिश रिजवान ने तो यहां तक कह दिया कि ऐसे बयान देने वाले को तो पागलखाने भेज दिया जाना चाहिए। ब्लास्ट मामले पर राजद और कांग्रेस के नेता भी बीजेपी के बयान को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि बीजेपी के लोग जानबूझकर भड़काऊ बयान देते हैं। अब भला कांग्रेस और राजद कहां पिछे रहने वाली थी। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष समीर सिंह ने कहा कि बीजेपी के लोग बराबर भड़काऊ बयान देते हैं, भारत के मुसलमानों को उन्होंने राष्ट्रवादी होने का सर्टिफिकेट दे दिया। अब बारी राजद की थी तो उसके नेता कैसे पिछे रहते। राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बीजेपी का बयान निंदनीय है। यदि मदरसों में आतंकवाद की ट्रेनिंग दी जा रही है तो सरकार क्या कर रही है। सरकार तो उन्हीं की है। इसकी जांच क्यों नहीं करवा रही है।

अब देखना है कि सरकार में शामिल बीजेपी, जदयू और हम के बयान का क्या दूरगामी परिणाम होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *