बिहार–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
पटना: सुशासन की सरकार में विधायक को अगर जान का खतरा हो तो यह गंभीर मामला बनता है। कहा जाता है कि पुलिस की तैनाती जान-माल की हिफाजत के लिए, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए और कानून का राज कायम रखने के लिए की जाती है। लेकिन यहां तो मामला ही बिल्कुल अलग है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ संजीव कुमार ने खगड़िया एसपी अमितेश कुमार को हटाने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पत्र लिखकर की है। विधायक ने एसपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एसपी अपराधियों से मिले हुए हैं। लगे हाथ अपनी सुरक्षा के लिए हाउस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी उन्होंने की है।
विधायक ने एसपी पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में मुख्य रूप से चार थाने हैं जिसमें तीन थानों में एक ही जाति के थाना प्रभारियों को एसपी ने पदस्थापित कर दिया है। इतना ही नहीं विधायक का यह भी आरोप है कि न केवल थाना प्रभारी बल्कि पांच-पांच की संख्या में उसी जाति के जेसआई को भी पदस्थापित कर दिया है।
विधायक ने कुछ थाना प्रभारियों के नाम का उल्लेख करते हुए अपने पत्र में लिखा है कि उन थाना प्रभारियों का अपराधियों के साथ सांठगांठ है और इसी कारण उस जाति विशेष के अपराधियों का मनोबल बहुत बढ़ा-चढ़ा है। परबत्ता थानाध्यक्ष ने विधायक के जान का खतरा बताते हुए एसपी को पत्र लिखा लेकिन एसपी ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
विधायक ने पिछले विधानसभा चुनाव में उनपर हुए हमले की चर्चा अपने पत्र में करते हुए आगे लिखा है कि खगड़िया जदयू के जिलाध्यक्ष पप्पू भगत की हत्या भागलपुर में कर दी गई जिसमें उस खास जाति के लोगों का ही हाथ है। हत्यारोपी बड़े अपराधियों के खुले आम घूमने की बात भी उन्होंने बताई है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया है कि एसपी जदयू कार्यकर्ताओं को झूठे केस में फंसाकर प्रताड़ित करते हैं।
जदयू के एक कार्यकर्ता ध्रुव कुमार शर्मा का नाम लेते हुए उन्होंने पत्र में लिखा है कि उसे भी झूठे केस में फंसा दिया गया था। विधायक का कोई कार्यकर्ता जेल गया था उसने विधायक को यह जानकारी दी कि जेल में बंद अपराधी उनकी हत्या की साज़िश रच रहा है।
विधायक के पत्र को सरकार के सचिव के सैंथिल कुमार ने डीजीपी को पूरे मामले की जांच कराने और अपने मंतव्य के साथ रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सचिव के पत्र के बाद आईजी हेडक्वार्टर को जांच की जिम्मेवारी दी गई है।
खगड़िया एसपी अमितेश कुमार की ओर से बताया गया है कि माननीय विधायक द्वारा मेरे उपर आरोप लगाते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखा गया है। इस आरोप के विषय में वे कुछ कैसे कह सकते हैं। उनके सिनियर ऑफ़िसर ही इसके बारे में बता सकते हैं।





