बिहार–
जे पी श्रीवास्तव, बिहार
पटना: पुलिस को एक बड़ी सफलता मिलने का समाचार मुंगेर से आ रहा है। यह सफलता एसटीएफ के टीम को लगी है,जिसने संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पास से दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक तस्कर खगड़िया कोलवारा का रहनेवाला बलबीर मंडल है जबकि दूसरा तस्कर महिला है जो भागलपुर साहू परबत्ता की रहनेवाली साधन देवी है।
गिरफ्तार तस्करों के पास से 7.65 एमएम का 13 पिस्टल,26 मैग्ज़ीन,100 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किया गया है। एसटीएफ के एसपी द्वारा बताया गया है कि गिरफ्तार तस्कर खड़गपुर पहाड़ी से हथियार लेकर मुंगेर की तरफ आ रहे थे। इसी दरम्यान एसटीएफ के हत्थे चढ़ गये। तस्करी में महिला को इसलिए शामिल किया गया था कि पुलिस महिला की जांच नहीं करेगी और आसानी से हथियार को ठिकाने पर पहुंचा दिया जायेगा।
बताते चलें कि हथियार तस्करी के मामले में मुंगेर पहले से ही काफी बदनाम रहा है।
देश में जब-जब चुनाव आता है तब-तब हथियार की तस्करी का तार मुंगेर से जुड़ जाता है। बताया जाता है कि वहां हथियार बनाने का काम घरेलू उद्योग के तौर पर फलता फूलता है। कयास लगाया जाता है कि इस धंधे में कुछ पुलिस अधिकारियों की भी मिलीभगत रहती होगी। इस हथियार तस्करी का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ है।
हथियार तस्करी के मामले में पुलिस ने 25 जनवरी से 5 फरवरी के बीच आधा दर्जन मामलों में कार्रवाई की थी जिसमें 13 हथियार तस्कर पकड़े गये थे। उस कार्रवाई में गया,पटना, नवगछिया, बख्तियारपुर,नालंदा आदि जगहों से हथियार बरामद हुए थे।





