चिराग पासवान वास्तविक रुप से राजनीतिक लड़ाई के लिए तैयार दिख रहे हैं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार ——-

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

पटना: आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत से प्रफुल्लित चिराग पासवान नई उर्जा से ओतप्रोत दिखने लगे हैं। राजनीति के जानकारों द्वारा यह प्रश्न बार बार उठाया जाता है कि बिहार में नीतीश कुमार के बाद कौन नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी को संभालेगा। वैसे अभी यह प्रश्न समीचीन जान नहीं पड़ता है। क्योंकि दूर दूर तक अभी इसकी गुंजाइश दिखाई नहीं दे रही है। नीतीश कुमार भले चंगे हैं और उर्जा से परिपूर्ण हैं। सरकार स्थिर है।
लोजपा के दो फांड़ होते ही पशुपति कुमार पारस पार्टी पर अपनी पकड़ मजबूत करते हुए 5 सांसदों को अपने पाले में ले लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गये। यहां तक कि लोकसभा में लोजपा संसदीय दल के नेता भी बन गये। चिराग पासवान के लिए यह एक गंभीर चुनौती थी और उनके राजनीतिक जीवन की कड़ी परीक्षा भी । चिराग पासवान ने इस चुनौती को स्वीकार कयते हुए अपने पापा स्व.रामविलास पासवान की जयंती 5 जुलाई से उनके कर्मभूमि हाजीपुर से आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत कर दी है।
कहना नहीं होगा कि जहां पारस गुट ने पटना के पार्टी कार्यालय और रामविलास के पैतृक गांव शहरबन्नी में कार्यक्रम आयोजित कर रामविलास पासवान की जयंती मनाई वहीं चिराग पासवान ने हाजीपुर से आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत की। राजनीति के जानकारों ने इसमें सबसै अधिक गौर करनेवाली बात यह बताई कि रामविलास के राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए चिराग संघर्ष का मोर्चा संभालने के लिए बिल्कुल तैयार दिखे। एक तस्वीर खासे चर्चा में है जब चिराग पासवान बारिश में भींगते हुए अपने समर्थकों से रुबरु होते दिखाई दिये।
सोमवार को चिराग पासवान जैसे ही अपने पिता की कर्मभूमि हाजीपुर में आशीर्वाद यात्रा के लिए पहुंचे वहां उनके समर्थकों का भारी हूजूम उनके स्वागत के लिए पहुंचा हुआ था।
दरअसल चिराग उस समय एक खुली जीप में सवार थे और अपने समर्थकों का अभिवादन कर रहे थे। उस समय वे बारिश में भींगते हुए आगे बढ़ रहे थे।उनके साथ उनके कई समर्थक भी बारिश में भीग रहे थे। राजनीतिक जानकार इसे चिराग के संघर्ष के जज्बे से जोड़ कर देख रहे हैं।
चिराग ने महागठबंधन का हिस्सा बनने के तेजस्वी यादव के ऑफर पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। भाजपा से संबंधों के बारे में उन्होंने चुप्पी साध ली। चाचा पशुपति कुमार पारस से जारी विवाद के बारे में उन्होंने कहा कि यह लड़ाई कब तक चलेगी इस पर उन्हें कुछ नहीं कहना है। जमुई से सांसद चिराग पासवान ने दिल्ली में अपने पिता की जयंती पर कहा कि मैं शेर का बेटा हूं और झूंकने वाला नहीं हूं।
राजनीतिक गलियारे में इस बात की भी खूब चर्चा है कि एक तरफ चिराग नीतीश कुमार के कार्यशैली का विरोध करते हैं तो दूसरी ओर उनका पांव छूकर आशीर्वाद भी लेते हैं। इस पर चिराग पासवान का कहना है कि वे हमेशा नीतीश कुमार से आशीर्वाद लेने के लिए उनके पांव छूते रहेंगे। नीतीश कुमार भी सर्वसमाज को लेकर अपने राजनीतिक जीवन को आगे बढ़ाते रहे हैं। चिराग पासवान भी सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की बात करते हैं। इसका सीधा अर्थ यह है कि चिराग पासवान बड़ी सूझबूझ के साथ कुछ अपने पिता के पद चिन्हों पर चलकर और कुछ नीतीश कुमार के राजनैतिक जीवन से सीख लेकर आगे बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *