बिहार —–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
मोतिहारी: नेपाल से सटे कुंडवाचैनपुर थाना के समीप गुआबारी बोर्डर पर तैनात एसएसबी के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार पर सवार तीन तस्करों को 8 ड्रोन कैमरा के साथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि सभी 8 ड्रोन कैमरा चाइना निर्मित है।
तस्करों द्वारा नेपाल के रास्ते सभी ड्रोन कैमरा को भारत लाया जा रहा था।एसएसबी उप निरीक्षक दयानंद कुशवाहा द्वारा बताया गया कि एक उजला रंग की कार से तस्करी कर नेपाल से कुछ सामान भारत लाया जा रहा है। गुरहनवा स्टेशन के समीप रात्रि गश्ती कर रहे एसएसबी के जवानों को सतर्क रहने और कार को पकड़ने का निर्देश उप निरीक्षक द्वारा दिया गया।
इसी क्रम में जवानों ने एक हुंडई कार को रोककर तलाशी ली तो जवान भौंचक रह गये। कार के भीतर आठ पैकेट में लपेट कर रखा गया चाइनीज ड्रोन कैमरा बरामद किया गया। साथ में 2150 रुपये का नेपाली नोट भी बरामद हुआ। कार में तीन तस्कर सवार थे जिन्हें पकड़कर जवानों ने कुंडवाचैनपुर थाना के हवाले कर दिया।
इस घटना से इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।अभी पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर में ड्रोन हमले की खबर से लोग दहशत में थे ही कि तबतक यह घटना घट गई है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार के हवाले से बताया गया है कि तीनों तस्करों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सामानों की जप्ती सूची बना ली गई है। गिरफ्तार तीनों तस्करों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। सभी गिरफ्तार तस्कर सीतामढ़ी और पूर्वी चम्पारण जिला का रहनेवाला है। सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया निवासी विक्की कुमार और राहुल कुमार तथा पूर्वी चम्पारण जिला के कुंडवाचैनपुर निवासी कृष्ण नंदन कुमार के रुप में हुई है।




