आगामी विधानसभा चुनाव में जदयू    यूपी में दर्ज करायगी अपनी सशक्त उपस्थिति

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार  —–

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

बिहार: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.सी.पी.सिंह जदयू को सशक्त करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। बिहार के पंचायत स्तर से लेकर प्रखंड, अनुमंडल,जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर तक जुझारू, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को जागरूक करने, उन्हें पार्टी को मजबूत करने का दायित्व सौंपने का कार्य पूरे दम-खम के साथ कर रहे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव में यूपी से पार्टी को चुनाव लड़ाने का मन उन्होंने बना लिया है। वैसे तो जदयू एनडीए का हिस्सा है और बिहार में एनडीए की सरकार चल रही है।फिर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बात के लिए कमर कस चुके हैं। यदि यूपी में साझा चुनाव लड़ने की बात बन गई तो एकसाथ चुनाव में जोर आजमाइश करेंगे। यदि किसी कारणवश साझा चुनाव लड़ने की बात नहीं बनती है तब जदयू अकेले दम पर लगभग 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी जिसकी पूरी तैयारी पार्टी कर चुकी हैं।

कहना नहीं होगा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक अत्यंत कुशल,मंजे हुए और दूरदर्शी नेता हैं। राजनीति पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है। उन्हें बिहार का चाणक्य ऐसे ही नहीं कहा जाता है। यूपी चुनाव लड़कर जदयू अपनी ताकत का एहसास कराना चाहती है। संभव है कि जिन पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव होना है उनमें से और राज्यों में भी जदयू अपना भाग्य आजमाने की कोशिश करे।

वैसे मिली जानकारी के अनुसार जदयू के राष्ट्रीय महासचिव के.सी.त्यागी की एक राउंड बातचीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हो चुकी है और भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के प्रस्ताव से उन्हें अवगत करा दिया गया है।

अब देखना है कि भाजपा आलाकमान इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेती है। यदि प्रस्ताव भाजपा की ओर से अस्वीकृत भी हो जाता है तौभी जदयू वहां अकेले चुनाव लड़ेंगी।

जानकारी के अनुसार पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में जदयू एनडीए के पार्ट के रूप में दो सीटों पर चुनाव लड़ चुकी है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर सी पी सिंह ने कहा है कि 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी मायूसी थी। इस कारण इसबार उन्हें मायूस नहीं होने दिया जाएगा।

बताते चलें कि जदयू के राष्ट्रीय महासचिव के सी त्यागी यूपी के जदयू प्रभारी हैं और यूपी में जदयू के संगठन को मजबूती प्रदान करने का कार्य जोर- शोर से कर रहे हैं।