Noida: लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों को लूटने वाले गैंग का पर्दाफाश, गैंगस्टर समेत 4 गिरफ्तार; दो को लगी गोली

Noida Police Encounter

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Noida Police Encounter: नोएडा पुलिस ने दिल्ली-NCR में लिफ्ट देने के बहाने लोगों को लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गैंग राह चलते लोगों को अपनी गाड़ी में बैठाता था और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर हथियार दिखाकर उनसे लूटपाट करता था। रविवार देर रात थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इस गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह के सरगना समेत दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाकर पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके पुराने मामलों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Noida Police Encounter: आधी रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

यह घटना रविवार देर रात की है। डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार, थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बुलेट और अपाचे मोटरसाइकिल पर चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूर आगे बहलोलपुर अंडरपास के पास ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

कौन हैं गिरफ्तार किए गए चारों बदमाश?

पुलिस की जांच में पता चला कि इस गिरोह का नेटवर्क दिल्ली से लेकर ग्रेटर नोएडा तक फैला हुआ था। गिरोह का सरगना विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू है, जो दिल्ली के मीठापुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह घोषित गैंगस्टर है। मुठभेड़ में विकास के साथ नोएडा के बसई गांव का रहने वाला राजेश उर्फ ढेडा भी घायल हुआ। वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों की पहचान ग्रेटर नोएडा के सुत्याना गांव निवासी शंकर शर्मा और नोएडा के बसई गांव निवासी कपिल कश्यप के रूप में हुई है। (Noida Police Encounter)

लिफ्ट देने के बहाने लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह दिल्ली-NCR में बेहद शातिर तरीके से लूटपाट करता था। गिरोह के सदस्य रात के समय या सुनसान हाईवे पर अपनी गाड़ी लेकर निकलते थे। इस दौरान वे बस या किसी सवारी का इंतजार कर रहे अकेले लोगों को मदद करने या कम किराए में छोड़ने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठा लेते थे। कुछ दूर जाने के बाद बदमाश गाड़ी को सुनसान रास्ते पर ले जाते थे। वहां तमंचा और चाकू दिखाकर लोगों को डराते और जान से मारने की धमकी देते थे। इसके बाद उनके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और सोने के गहने लूट लेते थे। इतना ही नहीं, बदमाश पीड़ितों को धमकाकर उनके मोबाइल से UPI के जरिए पैसे भी ट्रांसफर करवा लेते थे। कई बार ATM के जरिए बैंक खाते से भी पैसे निकलवा लेते थे। लूटपाट के बाद पीड़ितों को सुनसान जगह या झाड़ियों के पास छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, हाल ही में इस गिरोह ने सेक्टर-62 के पास भी एक व्यक्ति को इसी तरह लूट का शिकार बनाया था।

दो अवैध तमंचे, चाकू और चोरी की बाइक बरामद

चारों बदमाशों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनके पास से कई सामान बरामद किए हैं। इनमें दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और दो धारदार चाकू शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस को चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। इनमें बुलेट और अपाचे बाइक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन बाइकों का इस्तेमाल इलाके में घूमकर रेकी करने और वारदात के बाद भागने के लिए करते थे। (Noida Police Encounter)

चारों बदमाशों पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। गिरोह के सरगना विकास उर्फ कालू पर गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट समेत कुल 22 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, मुठभेड़ में घायल दूसरे आरोपी राजेश उर्फ ढेडा पर गैंगस्टर एक्ट समेत 18 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा शंकर शर्मा पर 10 और कपिल कश्यप पर पहले से 2 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। नोएडा पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके साथ इस अपराध में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

 

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *