बिहार——–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
पटना: सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बृहत पैमाने पर शराब की तस्करी का धंधा हरियाणा का एक शख्स वहीं से बिहार में करवाता था। इसका खुलासा छपरा पुलिस के पकड़ में आये एक धंधेबाज से पूछताछ में हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस की टीम ने हरियाणा में शराब तस्कर के ठिकाने पर धावा बोल दिया।
बताते हैं कि हरियाणा से शराब की तस्करी बिहार के कई जिलों सहित छपरा में होने की जानकारी छपरा पुलिस को हुई। जानकारी मिलते ही छपरा पुलिस शराब तस्करी के किंगपिन की तलाश में कुछ दिन पहले हरियाणा पहुंची जहां एक नया नाम उनके सामने आया। गिरफ्तार तस्कर हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बोनंदकला थाना क्षेत्र के कसनी गांव के धर्मवीर का पुत्र मोहित कुमार बताया जाता है।
छपरा के एसपी के हवाले से बताया गया है कि जिले के मांझी थाना कांड संख्या 57/21 के नामजद अभियुक्त मोहित कुमार को गिरफ्तार करने के लिए सारण पुलिस की एक टीम हरियाणा गई थी जहां शराब तस्कर के बारे में जानकारी जुटाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह अपनी गाड़ियों से बिहार में शराब की तस्करी कराता था।
बताया जाता है कि हरियाणा का शराब तस्कर मोहित ने शराब के कारोबार में शामिल बिहार के अपने कई साथियों का नाम बताया है जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापामारी की जा रही है। फिलहाल मोहित कुमार को जेल भेज दिया गया है।
मोहित कुमार के पकड़ में आने की भी एक कहानी है। बताया जाता है कि मांझी थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष ओमप्रकाश चौहान ने घोरघट गांव के एक घर से 12 चक्का का एक ट्रक जब्त किया था जिसमें शराब लदा हुआ था। ट्रक से शराब खाली कराने के दौरान ट्रक के ड्राइवर शराब ढो रहे दो मजदूरों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर ने पूछताछ में मोहित का राज खोल दिया था और इस तरह मोहित पुलिस के गिरफ्त में आया।




