नीतीश कुमार के भरोसेमंद को मिलसकती है जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार—-

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

पटना: जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 31 जुलाई को दिल्ली में होने जा रही है जिसमें सभी 75 सदस्यों के उपस्थित रहने की संभावना जताई जा रही है। जेडीयू की यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसी दूसरे सदस्य को दिये जाने की प्रबल संभावना है।
सूत्र बताते हैं कि बिहार में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चला रहे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह पिछले दिनों केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गये। अब अध्यक्ष की उनकी कुर्सी खतरे में पड़ती नजर आ रही है। संभावना जताई जा रही है कि 31 जुलाई को आहूत जेडीयू कार्यसमिति की बैठक में नये राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा हो सकती है। वैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने पिछले दिनों जदयू की वर्चुअल मीटिंग में यह कह चुके हैं कि यदि पार्टी कहेगी तो वे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में जेडीयू को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। बताते हैं कि रविवार को जदयू के नव मनोनीत प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरसीपी सिंह और उपेन्द्र कुशवाहा ने जरुर भाग लिया, लेकिन कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक से दूरी भी बना ली। तभी आरसीपी सिंह का बयान आया कि पार्टी कहेगी तो वे अध्यक्ष का पद अपने किसी मजबूत साथी के कंधे पर डालने से पिछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन है तभी पार्टी है तभी वे मंत्री हैं और हमारे नेता मुख्यमंत्री हैं।
वैसे अन्दरखाने इस बात की चर्चा भी जोरों पर है कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जेडीयू में विलय के बाद से ही पार्टी में उपेन्द्र कुशवाहा का कद बढ़ता जा रहा है।
इस बात से आरसीपी सिंह का खेमा नाराज बताया जा रहा है। वैसे जेडीयू के एक नेता का कहना है कि पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष वही होगा जो नीतीश कुमार के भरोसे का होगा। साथ में संगठन को मजबूत करने और आगे बढ़ाने का जिसमें अनुभव होगा। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उपेन्द्र कुशवाहा का नाम सबसे आगे लिया जा रहा है।कहा जा रहा है कि उपेन्द्र कुशवाहा को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद देकर नीतीश कुमार जातीय समीकरण को बढ़ावा देना चाहेंगे।
वैसे कयास यह भी लगाया जा रहा है कि मुंगेर के सांसद ललन सिंह को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर नीतीश कुमार एक खास वर्ग को खुश करते हुए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किये जाने की नाराजगी को दूर करना चाहेंगे। क्योंकि ललन सिंह भी नीतीश कुमार के काफी करीबी माने जाते हैं।
अब सभी कयासों पर 31 जुलाई को दिल्ली में होनेवाली कार्यसमिति की बैठक में विराम लग जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *