बिहार —
जे पी श्रीवास्तव, बिहार
पटना: बिहार के समस्तीपुर जिला से खबर मिली है कि वहां 100 करोड़ का घोटाला हुआ है जिससे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। बताते हैं कि बिटक्वाइन के नाम पर करीब दो हजार लोगों को चुना लगाकर एक अरब से अधिक रुपये वसूल कर गबन कर लिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय रामपुर जलालपुर गांव के पंकज कुमार चौधरी ने रुपए कमाने का ऐसा शातिराना चाल चला कि अरबपति बन गया। पंकज कुमार का यह खेल पिछले तीन-चार वर्षों से बदस्तूर चल रहा था।
बताते हैं कि पंकज कुमार और उसके साथी बिटक्वॉइन में निवेश के नाम पर गांव के लोगों से पैसा जमा करवाता था। जमा की गई राशि पर 10-12 प्रतिशत ब्याज देने की बात कहकर रुपया जमा कराया जाता था। इस काम के लिए एजेंट भी बहाल किये गये थे। पंकज का यह खेल बेगुसराय, खगड़िया, वैशाली सहित कुछ अन्य जिलों में चल रहा था। कुल मिलाकर करीब 2000 लोगों का 100 करोड़ से अधिक रुपया जमा कराया गया था।
पता चल रहा है कि रुपया जमा करनेवाले छोटे निवेशकों को पिछले तीन-चार सालों में 10-12 प्रतिशत ब्याज की दर से पंकज रुपया भी लौटाता था। उसके इस चाल से गांव के लोगों का बिटक्वॉइन के प्रति विश्वास जमता था और लोग धड़ल्ले से रुपया निवेश करते थे। पंकज के दोस्त और कुछ एजेंट ग्रामीणों से निवेश के लिए रुपया लाकर जमा कराते थे और बदले में उन्हें 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव के हरेक घर से पंकज और उसके साथियों ने 10 प्रतिशत ब्याज देने के नाम पर मोटी रकम वसूली है।
पिछले कुछ माह से लोगों के जमा रुपये के ब्याज की मोटी रकम चुकाने में देरी होने से लोगों ने पंकज पर दबाव बनाना शुरू किया। इसका परिणाम यह हुआ कि पंकज परिवार के साथ रातों-रात गांव छोड़कर भाग गया।पंकज के यहां रुपया जमा करानेवालों में किसान,व्यवसायी और नोकरी पेशा लोग भी हैं। बताया जाता है कि पंकज और उसके सहयोगी तकरीबन एक अरब रुपये वसूल कर परिवार सहित चंपत हो गया है।
पता चला है कि इस धोखाधड़ी के विरुद्ध रामपुर जलालपुर के कुछ लोगों ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। आवेदन देने वालोें में संतोष कुमार चौधरी, मुकेश कुमार चौधरी व दीपक कुमार चौधरी ने 57 लाख रुपए तथा कृष्ण कुमार कुंदन, पंकज चौधरी एवं संजय कुमार ने 1 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपए गबन करने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने शिकायत करने वालों से रुपया जमा करने का रसीद जमा करने के लिए कहा है। गांव में चर्चा चल रही है कि पंकज कुमार चौधरी परिवार सहित विदेश भाग गया है।





