सीबीआई का फर्जी एसपी मोतिहारी में गिरफ्तार पूछताछ में मिली अहम जानकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार——

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

मोतिहारी: पूर्वी चम्पारण जिला मुख्यालय मोतिहारी से सनसनीखेज समाचार का खुलासा हुआ है। कहते हैं कि महत्वाकांक्षी होना गुनाह नहीं है, लेकिन गलत महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए गलत रास्ते पर चलना जीवन को नर्क बना लेने जैसा होता है।
पूर्वी चम्पारण जिला में एक जालसाज़ को गिरफ्तार किया गया है जो अपने को सीबीआई एसपी बता रहा था। बताते हैं कि उसे पढ़-लिखकर IPS बनने का शौक था लेकिन पढ़ाई में कमजोर होने के कारण IPS बनने का ख्वाब पूरा नहीं हो सका। इस कारण असली न सही नकली CBI SP बन कर लोगों को ठगना शुरू किया।
मिली जानकारी के मुताबिक यह जालसाज़ राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, कलक्टर,एसपी तक का लेटरहेड रखता था। पहले-पहल जालसाजी में उसको थोड़ी हिचक हुई, लेकिन जब हिचक टूटी तो नटवर लाल बनने में उसे देरी नहीं हुई।
इस जालसाज सीबीआई एसपी को पूर्वी चम्पारण जिले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस जालसाज के बारे में जानकारी मिली है कि वह अपने को सीबीआई एसपी बताकर पुलिस से अपना काम कराता था।
लेकिन कहते हैं कि जब मति मारी जाती है तब आदमी उल्टा-सीधा काम करना शुरू कर देता है और इसी में पकड़ा जाता है। बताते हैं कि वह लौरिया प्राथमिक विद्यालय में जाकर अपने को सीबीआई का एसपी बताकर पैसा मांगने लगा। अब भला एक सचमुच का सीबीआई एसपी प्राथमिक विद्यालय में जाकर पैसा क्यों कर मांगेगा। इस पर लोगों को शक हुआ और पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस द्वारा जांच पड़ताल में उसका भांडाफोड हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ में उसने कबूल किया कि अबतक बहुत से बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर उसने पैसे ऐंठ लिया है। जांच में यह भी पता चला कि एकबार काम नहीं होने पर उसने एएसपी और डीएसपी से अपने पथ का धौंस जमाकर शिकायत भी की थी।
इस जालसाज का नाम अमोल कुमार है। इसकी गिरफ्तारी गोविंदगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव से हुई है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से पुलिस ने 5.60 लाख रुपया नकद,CBI का फर्जी आईकार्ड, फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर, फर्जी परमीशन लेटर, सीबीआई का फर्जी सील, सीबीआई एसपी का फर्जी मुहर, भारत सरकार का फर्जी मुहर,पूर्व मुख्यमंत्री का फर्जी पत्र, सीबीआई का फर्जी लिफाफा बरामद हुआ है।
लोगों और लोकल पदाधिकारियों पर अपना धौंस जमाने के लिए उसने राष्ट्रपति से लेकर मुख्यमंत्री तक का लेटर पैड बनवा लिया था।जिसका उपयोग समय-समय पर वह करता था और अपना काम करवा लेता था। पुलिस ने उसके पास से कई अभ्यर्थियों का आवेदन पत्र भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में उसने कबूल किया है कि एकबार वह अरेराज के अंचलाधिकारी पर जमीन के सौदे के लिए दबाव बनाया था। काम नहीं होने पर उसने इसकी शिकायत डीएम मोतिहारी से भी कर दी थी। बताया जाता है कि पिछले तीन साल से वह मोतिहारी और आसपास के इलाके में ठगी का काम कर रहा था।
उसकी पढ़ाई मोतिहारी और नेपाल में हुई थी। सीबीआई का एसपी जानकर उसकी शादी एक अच्छे घराने में तय हुई थी जहां दहेज में उसे मोटी रकम और एक लग्जरी गाड़ी मिलने वाली थी। लेकिन कहते हैं कि जालसाजी का काम बहुत दिनों तक नहीं चलता है। लही इस जालसाज के साथ भी हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *