प्रधान डाकघर में गड़बड़झाला डाक सहायक निलंबित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार

 

मोतिहारी: सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रधान डाकघर, मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण जिला) के जीवन बीमा खाता से 9 लाख 30 हजार 400 रुपये के हेराफेरी का मामला सामने आया है। विभाग के डाक सहायक मनीष कुमार के मिलीभगत से इस हेराफेरी को अंजाम दिया गया है।
जीवन बीमा पॉलिसी की मैच्योरिटी के बाद राशि को डाक सहायक द्वारा अपने किसी परिचित के खाते में डालने की बात सामने आई है। उक्त राशि तकरीबन 5 खातों में डाली गई है। अभी केवल 2019-20 का मामला ही विभाग को पता चला है। इसकी गहराई से जांच कराने पर और भी मामले सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
इस मामले की जांच के लिए डाक निरीक्षक पूर्वी अनुमंडल राजेश कुमार के नेतृत्व में एक तीन सदस्यीय टीम का गठन विभाग द्वारा किया गया है। इस टीम में डाक निरीक्षक दक्षिणी अनुमंडल मुकेश लश्कर और डाक निरीक्षक पश्चिमी अनुमंडल मिथिलेश कुमार शामिल हैं।
ज्ञात हुआ है कि हेराफेरी का यह खेल तकरीबन डेढ़ साल से चल रहा था। डाक सहायक मनीष कुमार परिपक्व राशि को अपनी पत्नी और सगे संबंधियों के खाते में ट्रांसफर कर देता था। जानकारी के मुताबिक इस खेल का पता पीएलआई शाखा के कर्मियों को पहले ही लग चुकी थी। बताते हैं कि कुछ कर्मियों के दबाव के कारण मनीष कुमार द्वारा कुछ राशि सरकारी खजाने में जमा कराई गई। जिस रजिस्टर में हेराफेरी किया गया था उस रजिस्टर को बदलने की जानकारी भी मिल रही है। इसकी जानकारी प्रधान डाकघर के अधिकारियों को भी होने की बात बताई जा रही है।
सवाल उठता है कि जब इसकी जानकारी विभागीय कर्मियों और पदाधिकारियों को थी तो इस पर पहले ऐक्शन क्यों नहीं लिया गया। इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं इस खेल में अन्य कर्मियों/पदाधिकारियों की मिलीभगत तो नहीं है।
अब जबकि जांच टीम का गठन कर जांच कराई जा रही है तो लगता है कि इस पूरे कांड का गहराई से पता लगाकर सभी संलिप्त कर्मियों/पदाधिकारियों को बेनकाब किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *