पूर्वी चम्पारण जिला की दो महिला पर्यवेक्षिकाएं अनियमितता के आरोप में चयनमुक्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार —–

जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार

मोतिहारी: पूर्वी चम्पारण जिला के पकड़ीदयाल बाल विकास परियोजना कार्यालय में कार्यरत तत्कालीन महिला पर्यवेक्षिकाएं श्रीमती विमल कुमारी और श्रीमती कृष्णावती कुॅंवर को जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण द्वारा जिलास्तरीय चयन समिति में लिये गये निर्णयानुसार चयन मुक्त कर दिया गया है।

आरोप है कि माननीय उच्च न्यायालय,पटना के आदेश के आलोक में वरीय पदाधिकारी द्वारा दिये गये आदेश की अवहेलना तथा माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जिला पदाधिकारी के न्यायालय में वाद विचारण हेतु लम्बित रहने के वाबजूद सेविका चयन का दोषी पाया गया है।

कहा जाता है कि न्यायालय आदेश के आलोक में वरीय पदाधिकारी द्वारा चयन स्थगित किये जाने के वाबजूद श्रीमती विमल कुमारी, तत्कालीन महिला पर्यवेक्षिका, पकड़ीदयाल वर्तमान पदस्थापन पताही द्वारा अजगरवा पंचायत सिसहनी वार्ड संख्या 18 आंगनवाड़ी केन्द्र 113 एवं वार्ड नंबर 19 आंगनवाड़ी केन्द्र 114 पर सेविका का चयन कर दिया गया। इसी प्रकार श्रीमती कृष्णावती कुॅंवर, तत्कालीन महिला पर्यवेक्षिका, पकड़ीदयाल वर्तमान पदस्थापन सुगौली द्वारा पंचायत चैता वार्ड नंबर 11 आंगनवाड़ी केन्द्र 119 पर सेविका का चयन कर दिया गया।

इसको लेकर दोनों पर्यवेक्षिकाओं से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी। स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाने के कारण जिलास्तरीय चयन समिति द्वारा दोनों को चयन मुक्त कर दिया गया। जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा दी गई है।