बिहार ——-
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन के तरफ एक और बड़ा कदम। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने लिया एक बहुत बड़ा फैसला। बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जो कहते हैं उसे करते अवश्य हैं। भ्रष्टाचार पर उनका ज़ीरो टाॅलरेंस की नीति आज भी बदस्तूर कायम है।
बिहार सरकार में कार्यरत सभी पदाधिकारियों/कर्मचारियों के लिए बिहार के मुख्य सचिव ने एक नया फरमान जारी किया है। इस फरमान को सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, डीजीपी,सभी प्रमंडलीय आयुक्त,सभी डीएम को भेजते हुए कहा है कि सरकारी सेवकों द्वारा चल-अचल संपत्ति की खरीद-फरोख्त करते समय सरकारी सेवक आचार नियमावली का सख्ती के साथ पालन किया जाए। इसके साथ-साथ सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिनांक 25 मार्च 2021 के दिशा निर्देशों का अनुपालन भी सख्ती के साथ कराई जाये।
मुख्य सचिव ने अपने पत्र में स्पष्ट रुप से चेताया है कि जो भी सरकारी कर्मी अपने संपत्ति का ब्योरा नहीं देते हैं या ब्योरा में संपत्ति को छुपाते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई तो की ही जायेगी, उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के सुसंगत धाराओं के अधीन मुकदमा भी दर्ज किया जायेगा।
मुख्य सचिव ने अपने पत्र को विस्तारित करते हुए लिखा है कि सरकारी सेवकों को प्रथम नियुक्ति के समय और उसके बाद प्रत्येक वर्ष अपनी चल-अचल संपत्ति का सही-सही ब्योरा घोषित करना अनिवार्य है। इसके लिए उन्हें निर्धारित प्रपत्र में अपना ब्योरा भरकर अपने नियंत्री पदाधिकारी के यहां जमा कराना होता है। किस-किस संपत्ति को इसमें शामिल करना है इसका पूरी जानकारी सरकारी सेवक आचार नियमावली में दी गई है। सरकार द्वारा इसमें समय-समय पर किये गये संशोधनों की जानकारी भी कार्यालय प्रधान के द्वारा दी जाती है।
इसी के तहत वर्तमान निर्देश मुख्य सचिव द्वारा समूह “क”,”ख” एवं “ग” के सरकारी सेवकों के लिए निर्गत किया गया है जिसमें कोताही बरतने या संपत्ति छुपाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

सरकार के इस निर्देश से वैसे सरकारी कर्मियों की जिन्होंने अकूत कमाई के चक्कर में सारे नियम कायदे-कानून को ताक पर रखकर केवल और केवल अवैध कमाई में लगे रहते हैं निंद उड़ गई होगी। निष्ठावान मीडिया के लिए यह बहुत बड़ा आधार मिल गया है,ऐसे भ्रष्ट नौकरशाहों को बेपर्दा करने का, उन्हें कटघरे में खड़ा करने और उनको उनके मुकाम तक पहुंचाने का।





