पूर्वी चम्पारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में सांख्यिकी दिवस मनाया गया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार —

जे.पी.श्रीवास्तव, ब्यूरो चीफ बिहार

मोतिहारी:जिला सांख्यिकी कार्यालय, मोतिहारी में आज पी.सी.महालनोविस का जन्मदिवस श्री भीम शर्मा,जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी की अध्यक्षता में मनाया गया। श्री भीम शर्मा ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
पी.सी.महालनोविस के उपलब्धियों और कार्यों का संक्षिप्त परिचय देते हुए श्री शर्मा ने उपस्थित व्यक्तियों को बताया कि प्रशांत चन्द्र महालनोविस का जन्म 29 जून 1893 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में हुआ था।
उन्होंने अपनी पढ़ाई प्रेसिडेंसी कॉलेज कोलकाता में तथा आगे की पढ़ाई गणित और सांख्यिकी में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी लंदन से की थी। उनका योगदान देश की आर्थिक योजना और सांख्यिकी विकास में अतुलनीय रहा। उनके इस योगदान के मद्देनजर देश उनकी याद में 29 जून को प्रतिवर्ष सांख्यिकी दिवस मनाता है।
बताते चलें कि महालनोविस की प्रसिद्धि उनके द्वारा सुझाये गये “महालनोविस दूरी” जो एक सांख्यिकी माप है के कारण हुई। उनका सबसे बड़ा कीर्तिमान है” सैंपल सर्वे” की संकल्पना, जिसके आधार पर देश में बड़ी-बड़ी नीतियां और योजनाएं बनाई जा रही हैं।
सांख्यिकी के पितामह पी.सी.महालनोविस द्वारा दूसरी पंचवर्षीय योजना का मसौदा तैयार किया गया जिसे उस समय दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज माना गया था। जिसपर भारतवर्ष को गर्व है। महालनोविस को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया जिसमें वेलडन मेडल,देवी प्रसाद सर्वाधिकार स्वर्ण पदक, पद्मभूषण और श्रीनिवास रामानुजन स्वर्ण पदक सम्मान सम्मिलित है।
भारतवर्ष को ऐसे महापुरुष पर गर्व है। आइये हम सब मिलकर इस दिवस को यादगार बनाने का संकल्प लें।
इस अवसर पर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी श्री भरत भूषण,अवर सांख्यिकी पदाधिकारी श्री सुनील कुमार,श्री जगजीत कुमार,श्री रितेश कुमार,श्री राजेश साहू, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, उच्च वर्गीय लिपिक श्री संजय कुमार, कंप्यूटर आपरेटर श्री नेयाज रजा, श्री शब्बीर आलम, कार्यालय परिचारी हिरा अंसारी, नवीन कुमार उपस्थित थे।