Kushinagar Road Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 (NH-28) पर तेज रफ्तार ट्रेलर और मारुति ईको वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसा थरुआडीह हनुमान मंदिर के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।
मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी लोग
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत भलूही के निवासी थे। वे हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में अपने एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग देर रात करीब 12:15 बजे मारुति ईको वैन से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान NH-28 पर अहिरौली बाजार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी वैन को सामने से टक्कर मार दी। शादी समारोह की खुशियां लेकर घर लौट रहे परिवारों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। (Kushinagar Road Accident)
गैस कटर से काटनी पड़ी वैन, तब बाहर निकाले गए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में ईको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें बैठे आठों लोग अंदर फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वैन की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद गाड़ी के हिस्सों को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया।
एक ही परिवार के पिता और दो बेटों समेत छह की मौत
इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इनमें पिता और उनके दोनों बेटे भी हैं। हादसे के बाद भलूही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है-
- रामबेलास (68 वर्ष)
- कन्हैया प्रसाद (45 वर्ष)
- राम मिलन (38 वर्ष)
- रंजय गुप्ता (38 वर्ष)
- मृदुल मिश्रा (38 वर्ष)
- मिथिलेश गुप्ता (22 वर्ष)
मृतक कन्हैया प्रसाद भलूही ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि थे। वहीं, रंजय गुप्ता केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में जवान थे और छत्तीसगढ़ में तैनात थे। वह दशहरे की छुट्टियों में अपने घर आए हुए थे। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है। (Kushinagar Road Accident)
दो बच्चे गंभीर रूप से घायल, गोरखपुर रेफर
इस दुर्घटना में राम मिलन के दो बेटे आयुष (14 वर्ष) और आर्यन (19 वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
कुशीनगर सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल दोनों बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। (Kushinagar Road Accident)
ट्रेलर चालक फरार, जांच के लिए गठित हुई समिति
हादसे के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतर गया। टक्कर में उसका केबिन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के मुताबिक, सभी छह मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जिला स्तर पर एक जांच समिति गठित की गई है। समिति घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
तेज रफ्तार ने उजाड़ दिए कई परिवार
कुशीनगर का यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही से होने वाले गंभीर हादसों की याद दिलाता है। एक ही गांव के छह लोगों की मौत और एक ही परिवार के पिता तथा दो बेटों की असमय मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। भलूही गांव में हर आंख नम है और लोग घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। (Kushinagar Road Accident)






One Response