बिहार———
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
पटना:यूपी सरकार के नकारात्मक सहयोग के चलते एनडीए के घटक दल वीआईपी के मुकेश सहनी ने अपनी नाराज़गी जाहिर की है। असल में मुकेश सहनी अपनी लोकप्रियता के सहारे अन्य राज्यों में होनेवाली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं। उनकी मंशा वीआईपी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाना है। पार्टी के हित में सोचना और उसे कार्यरूप देना किसी भी पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष का महत्वपूर्ण कार्य है।
बताते हैं कि मुकेश सहनी उत्तरप्रदेश में अपनी पार्टी का जड़ जमाने और जनाधार मजबूत करने के लिए कुल 18 जगहों पर फुलन देवी की विशाल प्रतिमा लगाना चाहते थे। लेकिन यूपी सरकार ने ऐसा होने नहीं दिया।इतना ही नहीं बनारस में मुकेश सहनी को सभा करने की इजाजत भी यूपी सरकार ने नहीं दी। अब भला नाराजगी का इससे अच्छा अवसर और क्या हो सकता है। कहते हैं कि इस अपमान से मुकेश सहनी इतने नाराज़ हैं कि उन्होंने बिहार में एनडीए के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बताते हैं कि मुकेश सहनी खुलकर अपनी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा है कि एनडीए में उनकी बात नहीं सुनी जाती। उनका कहना है कि अब वक्त आ गया है कि जीतनराम मांझी और वे साथ मिलकर आगे की रणनीति पर विचार करें। बताते चलें कि बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के आगाज के मौके पर बिहार विधानमंडल परिसर में एनडीए की बैठक में मुकेश सहनी की पार्टी की ओर से कोई शामिल नहीं हुआ। विधानमंडल के सेन्ट्रल हाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद,रेणु देवी, जीतनराम मांझी सहित कई विधायक और विधानपार्षद उपस्थित थे। परन्तु न तो मुकेश सहनी उस बैठक में पहुंचे और न उनका कोई विधायक शामिल हुआ; जबकि सभी लोग विधानसभा में मौजूद थे। जानकारी के अनुसार बनारस की घटना से मुकेश सहनी काफी नाराज़ हैं।
इस मामले पर सफाई देते हुए बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा है कि उत्तरप्रदेश हाईकोर्ट ने उत्तरप्रदेश में मूर्ति लगाने पर रोक लगाया हुआ है। वहां के मुख्यमंत्री को मूर्ति लगाने की इजाजत नहीं है। जब मुख्यमंत्री को मूर्ति लगाने की इजाजत नहीं मिली तो दूसरे को कहां से मिल जायेगी।
इसपर पलटवार करते हुए मुकेश सहनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं लेकिन उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे इत्तेफाक नहीं रखते हैं। बताते हैं कि मुकेश सहनी ने योगी आदित्यनाथ पर बहुत बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि वे वंचित समाज को आगे बढ़ते हुए देखना नहीं चाहते हैं।





