बिहार–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
पटना:मिली जानकारी के अनुसार जेडीयू नेता उपेन्द्र कुशवाहा ने एक बड़ा बयान देकर बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दिया है। उपेन्द्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश कुमार को पीएम मेटेरियल बताते हुए कहा है कि नीतीश कुमार में वे सारे गुण मौजूद हैं जो प्रधानमंत्री बनने के लिए चाहिए।
जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और बिहार की राजनीति के पुरोधा उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि आज की तारीख में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाया है। लेकिन उनके अतिरिक्त देश में और लोग भी हैं जिनमे प्रधानमंत्री बनने की काबिलियत है,उनमे से एक नीतीश कुमार भी हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि जबतक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं तबतक उनके पद को चुनौती देने की बात नहीं कर रहा हूं। हम सभी गठबंधन में उनके साथ हैं। हां,यह बात भी है कि नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री पद की सभी काबिलियत है। बताते चलें कि कभी हम के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी यही बात कही थी।
कुशवाहा ने अपनी पार्टी जेडीयू के विषय में बताया कि किसी भी पार्टी का आकलन चुनाव में ही होता है। आगे आनेवाले चुनाव में ही यह स्पष्ट होगा कि किस पार्टी ने अपना कितना विस्तार किया है। उन्होंने बड़े जोर देकर कहा कि आज की तारीख में यदि चुनाव हो जाये तो जेडीयू नंबर वन पार्टी बनकर सामने आयेगी। जेडीयू आनेवाले दिनों में बिहार में और देश में मजबूत पार्टी के रुप में उभरेगी।
पार्टी से इतर अपनी बात रखते हुए कुशवाहा ने बताया कि जातीय जनगणना हो इसके लिए माहौल बनाने की जरूरत है। देशभर में माहौल बनाने में नीतीश कुमार की बड़ी भूमिका हो सकती है। उपेन्द्र कुशवाहा के बयान पर बिहार में राजनीति गर्मा गई है। एलजेपी सांसद प्रिंस राज ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभी कोई विकल्प नहीं है। उनके नेतृत्व में देश का उत्तरोत्तर विकास हो रहा है। वहीं बीजेपी विधायक अरुण सिन्हा ने कहा कि अभी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं और दुनिया में उनकी तूती बोल रही है। यदि कोई सोच रहा है कि उस ऊंचाई तक पहुंचे तो यह अच्छी बात है,सोचने के लिए सभी लोग स्वतंत्र हैं। लेकिन अभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और उनका कोई जवाब नहीं है।
आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नीतीश कुमार पीएम मेटेरियल थे लेकिन जब से वे पल्टीमार बन गये तब से जनता ने उन्हें सीएम के लायक भी नहीं समझा और जेडीयू तीसरे नंबर की पार्टी बन गई। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि कई ऐसे लीडर हैं जो पीएम मेटेरियल हैं। लेकिन एनडीए में रहते हुए यदि उपेन्द्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार को पीएम मेटेरियल कहा है तो यह स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी के रहते नीतीश कुमार पीएम नहीं बन सकते।
लेकिन एक बात तो माननी पड़ेगी कि उपेन्द्र कुशवाहा ने एक ऐसा सरगम छेड़ दिया है जिसको लेकर सभी कोई अपना-अपना राग अलाप रहे हैं।





