सानिया मिर्जा और बेथानी माटेक सैंड्स की जोड़ी विम्बलडन टेनिस ग्रैंड स्लैम के विमेंस डबल्स के दूसरे दौर में जगह बना ली है। इन दोनों की जोड़ी ने पहले दौर में अमेरिका की डेजेरे क्रॉचिक और चिली की एलेक्सा गौराची की जोड़ी को 7-5 और 6-3 से हराया। बेथानी माटेक सैंड्स ने इंस्टाग्राम पर इंस्टा स्टोरी शेयर की। इसमें माटेक सैंड्स, सानिया मिर्जा और उनके दो साल के बेटे इजहान नजर आ रहे हैं। भारत विदेश मंत्रालय के दखल के बाद सानिया मिर्जा के बेटे को यूके जाने का वीजा मिला था।
माटेक सैंड्स ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा कि स्पाइडर मैन सारे मैच देखने के लिए आ रहा है। इस वीडियो में इजहान बीच में है। सानिया और सैंड्स ने इजहान का हाथ पकड़ा हुआ है। माटेक सैंड्स के हाथों में स्पाइडर मैन नजर आ रहा है। मैच की बात करें तो सानिया और बेथानी ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल की और पहले दौर में मुकाबले में अमेरिका और चिली की जोड़ी को 1 घंटा और 27 मिनट में 7-5 6-3 से हराया।

अमेरिकी खिलाड़ी ने तीन डबल फॉल्ट किए लेकिन तीन ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद अपनी सर्विस भी बचा ली। सानिया और बेथानी को भी विरोधी की सर्विस तोड़ने का मौका मिला जब अमेरिकी खिलाड़ी ने नेट पर वॉली पर अंक बनाने का मौका गंवा दिया। बाएं हाथ की खिलाड़ी डेसिरे ने इसके बाद शानदार सर्विस करते हुए अपनी सर्विस बचाई। एलेक्सा ने 12वें गेम में 15-30 पर सर्विस करते हुए फोरहैंड बाहर मारकर विरोधी जोड़ी को दो सेट प्वॉइंट दिए और सानिया ने स्मैश के साथ पहला सेट जीत लिया। दूसरे सेट में सानिया और बेथानी ने एक बार फिर एलेक्सा की सर्विस तोड़कर 3-1 की बढ़त बनाई जिसके बाद इस जोड़ी को सेट और मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई।




