चेक गणराज्य की कारोलिना पिलिसकोवा ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके गुरुवार को विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका सामना वर्ल्ड की नंबर एक खिलाड़ी ऐश बार्टी से होगा। पिलिसकोवा ने सेमीफाइनल में बेलारूस की दूसरी वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका को एक घंटे 53 मिनट तक चले मैच में 5-7, 6-4, 6-4 से हराया। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बार्टी ने 2018 की चैंपियन एंजेलिक कर्बर को 6-3, 7-6 (3) से पराजित किया था।
कर्बर के पास बार्टी के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद उनके पास दूसरे सेट में वापसी का मौका था। कर्बर 5-3 पर सेट के लिये सर्विस कर रही थी लेकिन उन्होंने 0-40 पर अपनी सर्विस गंवा दी। इसके बाद यह सेट टाईब्रेकर तक खिंच गया। फ्रेंच ओपन 2019 की विजेता बार्टी ने टाईब्रेकर में 6-0 की बढ़त हासिल कर ली और फिर अपने चौथे मैच प्वॉइंट पर जीत दर्ज की। कर्बर का बैकहैंड तब नेट पर उलझ गया था। पिछले कुछ समय से कूल्हे की चोट से परेशान रही बार्टी ने कहा, ‘मेरे करियर में कई उतार चढ़ाव आए, लेकिन मैंने एक दिन या एक पल के लिए भी अपनी राह नहीं बदली।’
बार्टी ने 2011 में जूनियर विंबलडन खिताब जीता था लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह लगभग दो साल तक टेनिस से दूर रही थी। दूसरे सेमीफाइनल में सबालेंका ने पहले सेट में आठ ब्रेक प्वॉइंट का सामना किया लेकिन उन्होंने इन सभी का बचाव किया। इनमें से चार ब्रेक प्वॉइंट उन्होंने 5-5 के स्कोर पर बचाए। इसके बाद उन्होंने पिलिसकोवा के डबल फाल्ट का फायदा उठाकर अपना पहला ब्रेक प्वॉइंट पर सेट जीता। पिलिसकोवा हालांकि दूसरे सेट में सबालेंका की सर्विस तोड़कर 3-2 से बढ़त बनाने में सफल रहीं। इसके बाद उन्होंने तीसरे सेट के पहले गेम में ब्रेक प्वॉइंट लिया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। पिलिसकोवा ने इस मैच से पहले टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया था।
Wimbledon 2021: एंजेलिक कर्बर को हराकर ऐश बार्टी पहली बार फाइनल में पहुंची




