वन विभाग ने दिया हर संभव मदद और आर्थिक सहायता का भरोसा, मधवलिया रेंज की घटना।
महराजगंज। जिले के मधवलिया रेंज स्थित वनटांगिया गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने मासूम बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने त्वरित सक्रियता दिखाई और बच्ची को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुवार को बच्ची का हाल जानने और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेने के लिए डीएफओ निरंजन सुर्वे खुद अस्पताल पहुंचे। उनके साथ क्षेत्रीय वन अधिकारी (मधवलिया) अजीत कुमार और अन्य वनकर्मी भी मौजूद रहे। डीएफओ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वस्त किया कि विभाग बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाएगा और नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, इस घटना के बाद से वनटांगिया गांव के निवासियों में दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।





