UP Politics: मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, अयोध्या में कल होगी बसपा की विशाल जनसभा

UP Politics

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी अयोध्या में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे अयोध्या में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली को अयोध्या में बसपा के चुनावी अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। पार्टी इस जनसभा के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है।

UP Politics: अयोध्या में कहां होगी आकाश आनंद की रैली?

आकाश आनंद की यह जनसभा अयोध्या जिले के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल इलाके के पंडितपुर में आयोजित होगी। रैली को सफल बनाने के लिए स्थानीय बसपा नेता और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी ने इस जनसभा में करीब 50 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए अयोध्या स्थित बसपा के मंडलीय कार्यालय में कई बैठकें भी की गई हैं। इन बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा समेत कई बड़े नेताओं ने भी तैयारियों को लेकर चर्चा की। पार्टी नेता दुर्गेश सिंह का कहना है कि इस बड़ी जनसभा के जरिए अयोध्या जिले में बसपा के चुनावी अभियान को मजबूती मिलेगी।

बीकापुर सीट से जितेंद्र सिंह ‘बबलू’ हो सकते हैं उम्मीदवार?

आकाश आनंद की इस रैली को लेकर बीकापुर विधानसभा सीट पर भी चर्चा तेज हो गई है। यह जनसभा पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह ‘बबलू’ के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा उन्हें बीकापुर सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है। ऐसे में इस रैली को जितेंद्र सिंह ‘बबलू’ के लिए भी अहम माना जा रहा है। जनसभा के जरिए वह क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। (UP Politics)

2027 चुनाव से पहले अयोध्या में बढ़ी राजनीतिक हलचल

उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या का हमेशा से खास महत्व रहा है। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यहां राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर आकाश आनंद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। इससे पहले वह अनूपशहर और नकुड़ में रैलियां कर चुके हैं। अब उनका अगला कार्यक्रम अयोध्या में है। इसके बाद 22 नवंबर को आगरा में उनकी जनसभा प्रस्तावित है। आने वाले दिनों में वह प्रदेश के दूसरे जिलों में भी रैलियां करेंगे।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले बसपा की बड़ी रैली

आकाश आनंद की अयोध्या रैली को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले बसपा ने यहां बड़ी जनसभा करने की रणनीति बनाई है। इस रैली पर सिर्फ बसपा कार्यकर्ताओं की ही नहीं, बल्कि बीजेपी और समाजवादी पार्टी की भी नजर रहेगी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आकाश आनंद अयोध्या की जनसभा में किन मुद्दों को उठाते हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जनता को क्या संदेश देते हैं। (UP Politics)

1 thought on “UP Politics: मायावती ने आकाश आनंद को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, अयोध्या में कल होगी बसपा की विशाल जनसभा”

Leave a Comment