जापान की राजधानी टोक्यो में खेले गए ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले वाले नीरज चोपड़ा भारत लौट आए हैं। नीरज की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और बेहद मुश्किल से ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अपनी गाड़ी तक पहुंचने में कामयाब हुए। नीरज ने एथलेटिक्स में 100 साल से जारी लंबे इंतजार को खत्म करते हुए देश को मेडल दिलाया। भारत की तरफ से नीरज ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले महज दूसरे ही खिलाड़ी हैं। ओलंपिक 2020 भारत के लिए यादगार रहा और देश ने पहली बार 7 मेडल जीते।
एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद नीरज को अपनी गाड़ी के पास तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। भारत के इस एथलीट के फैन्स हाथ में फोन लिए उनके साथ एक सेल्फी लेने को बेताब दिखे। सुरक्षाबलों ने काफी जद्दोजहद के बाद नीरज को कार में बैठाकर एयरपोर्ट से रवाना किया। नीरज ने फाइनल मुकाबले में 87.58 मीटर का थ्रो फेंककर टोक्यो ओलंपिक में देश का पहला गोल्ड मेडल पक्का किया था। इससे पहले नीरज ने क्वालीफाइंग राउंड में भी अपने प्रदर्शन से सनसनी फैला दी थी। उन्होंने टॉप पर रहते हुए पहले ही प्रयास में 86.65 मीटर का थ्रो फेंका था और 83.65 के क्वालीफिकेशन लेवल को आसानी से पार कर लिया था। नीरज इससे पहले एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुके हैं और यही वजह है कि पूरा देश की निगाहें उनके ऊपर टिकी हुईं थीं।
देश को ओलंपिक खेलों में दूसरा गोल्ड मेडल दिलाने पर हरियाणा के इस एथलीट पर जमकर धनवर्षा हुई। हरियाणा सरकार ने नीरज को 6 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है, जबकि पंजाब सरकार भारत के इस गोल्ड मेडलिस्ट को 2 करोड़ तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने नीरज को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। भारत को ओलंपिक 2020 में पहला मेडल वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने दिलाया था। मणिपुर के इस खिलाड़ी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इसके बाद पीवी सिंधु ने बैडमिंटन, लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। पहले बार ओलंपिक खेलों में उतरे रेसलर रवि दहिया ने अपने प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीतते हुए कुश्ती में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। वहीं, पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो में 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। रेसलर बजरंग पूनिया भी टोक्यो से रेसलिंग में कांस्य पदक लेकर भारत लौटे।




