ओलंपिक में हॉकी स्पर्धा केआयोजन में कई अगर मगर से परेशान इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना संक्रमण मामलों के कारण अगर टोक्यो ओलंपिक में हॉकी फाइनल रद्द होता है तो दोनों टीमों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थियरे वील ने कहा कि कोरोना मामलों के कारण हॉकी स्पर्धा से नाम वापिस लेने का अधिकार टीमों को होगा। टोक्यो ओलंपिक को आम खेलों से अलग बताते हुए उन्होंने कहा कि टीम में कोरोना के मामले आने पर भी वह खेल सकती है।
उन्होंने कहा कि नियमों को लेकर काफी ‘अगर मगर है जिस पर स्पष्टीकरण की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसी नौबत ही नहीं आएगी जब किसी टीम को कोरोना के कारण नाम वापस लेना पड़ेगा। उन्होंने वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में कहा,’ये खेल आम खेलों से अलग है। ये ओलंपिक इतिहास में दर्ज हो जाएंगे। यह पहले जैसे ओलंपिक नहीं हैं। सभी खिलाड़ियों और संबंधित लोगों को पता है कि उनका और लोगों का स्वास्थ्य दाव पर है।’ कोरोना के कारण हॉकी टीम के नाम वापस लेने संबंधी नियम के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,’कोई आंकड़ा तय नहीं है। यह टीम पर निर्भर करता है। छह, सात मामले आने पर भी टीम खेल सकती है। पूरी टीम प्रभावित होने पर ही नाम वापस लेने की नौबत आएगी।’
Tokyo Olympic: जापान में युगांडा का एक एथलीट लापता
एफआईएच द्वारा बनाए गए खेल विशेष नियमों (एसएसआर) के तहत अगर कोई टीम पूल मैच नहीं खेल पाती है तो दूसरी टीम को 5-0 से विजयी माना जाएगा। दोनों टीमें नहीं खेल पाती हैं तो इसे गोलरहित ड्रॉ माना जाएगा। टीमें बाकी पूल मैच खेल सकती हैं। उन्होंने कहा,’फाइनल में दोनों टीमों के नाम वापस लेने पर दोनों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। यह एसएसआर में साफ लिखा गया है। एसएसआर के अनुसार अगर कोई टीम कांस्य पदक का मुकाबला नहीं खेल पाती है तो उसकी जगह किसी और टीम को मौका नहीं मिलेगा बल्कि उसकी विरोधी टीम को कांस्य पदक दे दिया जाएगा। दोनों टीमों के नहीं खेल पाने पर दोनों टीमों को कांस्य मिलेगा।’
Tokyo Olympics: सुमित नागल ने किया क्वालीफाई, लेकिन खेलने पर सस्पेंस कायम
वील ने कहा कि खेल शुरू होने पर कई चीजें साफ होंगी। उन्होंने कहा कि कई सवाल हैं, जिनके जवाब मिलने हैं। मसलन हारने वाली टीम या खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा के तुरंत बाद रवाना हो जाते हैं लेकिन टोक्यो में पता नहीं क्या होगा। आम तौर पर ओलंपिक में हॉकी टीम में 16 खिलाड़ी होते हैं लेकिन इस बार कोरोना काल की वजह से हर टीम को दो अतिरिक्त खिलाड़ी और एक रिजर्व गोलकीपर रखने की अनुमति दी गई है। टोक्यो ओलंपिक में हॉकी के मुकाबले 24 जुलाई से शुरू होगी ।




