शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के अंतर्गत शाहबाद घाटी संरक्षण समिति ने स्वामी जी को दिया ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

(संवाददाता – अखिल नामा) बारां: राजस्थान

बारां,11 जन।शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के अंतर्गत शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति, बारां के प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, बारां के दौरान राष्ट्रीय संत और श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षैत्र ट्रस्ट अयोध्या के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज से भेंट कर ग्रीनको एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद की हाइड्रो पावर प्लांट परियोजना के तहत शाहबाद तहसील में प्रस्तावित केंद्र व राज्य सरकार द्वारा 25 लाख से अधिक पेड़ों की कटाई को रोकने हेतु ज्ञापन सौंपा और उनसे प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की।

समिति के सदस्यों ने स्वामी जी से अनुरोध किया कि वे इस गंभीर पर्यावरणीय विषय पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करें, ताकि शाहबाद घाटी के जंगल, जैव विविधता, वन्यजीव एवं स्थानीय जनजीवन को होने वाले अपूरणीय नुकसान को रोका जा सके।

स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज ने ज्ञापन पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि” पर्यावरण संरक्षण आज केवल सामाजिक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रचारित “एक पेड़ माँ के नाम” योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि” एक ओर वृक्षारोपण की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर विकास के नाम पर लाखों पेड़ों की कटाई की अनुमति देना नीतिगत विरोधाभास को दर्शाता है। स्वामी जी ने इस संदर्भ में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन को नैतिक समर्थन देने की घोषणा की।

उन्होंने शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के समर्थन में समिति द्वारा तैयार किए गए बैनर का विमोचन करते हुए आश्वस्त किया कि “प्रकृति, जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए संत समाज सदैव जन आंदोलनों के साथ खड़ा रहेगा और इस विषय को प्रधानमंत्री तक पहुँचाने के प्रयास किए जाएंगे।”

इस अवसर पर शाहबाद घाटी संरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारी संरक्षक प्रशांत पाटनी,अध्यक्ष मुकेश सोनी, शशांक नंदवाना, सत्यप्रकाश राठौर एवं सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने स्वामी जी के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।