पनवाड़ी में भाकियू (टिकैत) की महापंचायत, अमन शर्मा बने जिला अध्यक्ष — किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

 

जनपद महोबा बुंदेलखंड से ब्यूरो चीफ राम कुमार की रिपोर्ट

 

पनवाड़ी (महोबा)।

पनवाड़ी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलारा में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की विशाल किसान महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। महापंचायत का मुख्य उद्देश्य किसानों की ज्वलंत समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत बनाना रहा।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से अमन शर्मा को यूनियन का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों एवं किसानों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अमन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों को आज भी बिजली, सिंचाई, खाद-बीज की उपलब्धता, फसल भुगतान, जर्जर सड़कें और पुल जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।

महापंचायत में किसानों ने विरमा नदी पर दुलारा स्थित क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई, जिससे आवागमन और फसल ढुलाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा ग्राम पठारी कदीय में 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के टूटे खंभों और तारों को जल्द दुरुस्त कराने, खेल मैदान एवं मोक्षधाम के लिए रास्ता सुरक्षित कराने तथा चकरोड़ और नहरों की सफाई कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग की गई। किसानों की समस्याओं को लेकर यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा ने की। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ नेता रामखिलावन शुक्ला सहित जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। महापंचायत में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष माधुरी दीक्षित, महामंत्री ईश्वरी प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष अशोक राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष भारती राजपूत, मीडिया प्रभारी शिवनंदन, जिला महासचिव बृजेंद्र सोनकिया समेत सैकड़ों किसान व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अंत में किसानों ने एक स्वर में नारा लगाया — “किसानों का हित, राष्ट्र का हित… जय किसान।”