सातवीं सीड अमेरिका की सेरेना विलियम्स का रिकॉर्ड 24वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने का सपना रविवार को साल के दूसरे ग्रैंडस्लैम फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में हार के साथ टूट गया। इसके अलावा पुरुषों में दूसरी सीड रूस के डेनिल मेदवेदेव और पांचवीं वरीयता प्राप्त यूनान के स्तेफानोस सितसिपास ने लगातार सेटों में जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। पूर्व नंबर एक और इस बार आठवीं वरीय खिलाड़ी सेरेना को रूस में जन्मी कजाखस्तान की खिलाड़ी एलेना रिबिकिना ने एक घंटे 17 मिनट में 6-3, 7-5 से शिकस्त देकर क्वार्टरफाइनल में स्थान बना लिया, जहां उनका मुकाबला रूस की अनास्तासिया पाव्ल्युचेंकोवा से होगा।
शारीरिक थकान की वजह से फ्रेंच ओपन 2021 से हटे रोजर फेडरर
पाव्ल्युचेंकोवा ने एक अन्य उलटफेर में 15वीं सीड बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को हराया। अजारेंका रूस की अनास्तासिया पाव्ल्युचेंकोवा से दो घंटे नौ मिनट तक चले मुकाबले में 7-5, 3-6, 2-6 से हारकर बाहर हो गईं। स्तेफानोस ने 12 वीं सीड स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्ता को रविवार को लगातार सेटों में 6-3, 6-2 7-5 से हराने में दो घंटे सात मिनट का समय लिया। सितसिपास का क्वार्टरफाइनल में दूसरी सीड रूस के डेनिल मेदवेदेव से मुकाबला होगा जिन्होंने चौथे दौर के एक अन्य मैच में चिली के क्रिस्टियन गारिन को दो घंटे पांच मिनट में 6-2, 6-1, 7-5 से शिकस्त दी। पूर्व नंबर एक और आठवीं सीड स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने जर्मनी के डोमिनिक कॉपफेर को कड़े मुकाबले में शनिवार रात को चार सेटों 7-6(5), 6-7(3), 7-6(4), 7-5 में हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। फेडरर ने अपना मुकाबला जीतने में तीन घंटे 35 मिनट का समय लगाया।
French Open 2021: तूफानी जीत के साथ राफेल नडाल चौथे दौर में, सोफिया केनिन भी आगे बढ़ीं
फेडरर करियर में 68वीं बार ग्रैंड स्लेम के राउंड 16 में पहुंचे। ऑल टाइम रिकॉर्ड में फेडरर के बाद दूसरे नंबर पर विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच हैं जो 54 बार और स्पेन के राफेल नडाल 50 बार राउंड 16 में पहुंचे हैं। फेडरर ने इसके बाद फ्रेंच ओपन 2021 से अपना नाम वापस ले लिया। फेडरर अपने तीसरे राउंड के मुकाबले के बाद काफी थके हुए नजर आ रहे थे और उन्होंने संकेत दिए थे कि वह टूर्नामेंट को बीच में छोड़ सकते हैं। फ्रेंच टेनिस फेडरेशन की ओर से जारी बयान में फेडरर ने कहा, ‘अपनी टीम से बातचीत करने के बाद मैंने यह फैसला लिया है कि मैं फ्रेच ओपन से आज ही अपना नाम वापस ले लूं। दो घुटनों की सर्जरी और लगभग एक साल के रिहैब के बाद यह महत्वपूर्ण है कि मैं अपनी बॉडी की सुनूं और आगे टूर्नामेंट में हिस्सा न लूं।’




