इंग्लैंड ने बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने के अपने सूखे को समाप्त कर दिया है। इंग्लैंड की फुटबॉल टीम अब 55 साल में पहली बार खिताब जीतने से महज एक कदम दूर है क्योंकि हैरी केन ने इंजुरी टाइम (104वें मिनट) में शानदार गोल करते हुए इंग्लैंड को यूरोपीय फुटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा दिया है। इंग्लैंड की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है। केन के इस शानदार गोल की मदद से इंग्लैंड ने वेम्बले स्टेडियम में बुधवार को खेले गए यूरो 2020 सेमीफाइनल में डेनमार्क को 2-1 से हरा दिया।
फाइनल में अब इंग्लैंड का सामना रविवार को इटली से होगा। इंग्लैंड की टीम 1966 वर्ल्ड कप के बाद से पहली बार बड़े टूर्नामेंटों में कोई फाइनल खेलेगी। इससे पहले उसे वर्ल्ड कप या यूरोपीय चैंपियनशिप में चार बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इनमें से तीन बार 1990, 1996 और 2018 में उसे पेनल्टी में हार मिली है।
EURO CUP 2020: स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल में पहुंचा इटली
डेनमार्क ने मैच में शानदार शुरुआत की और 30वें मिनट में मिकेल डेम्सगार्ड के गोल की बदौलत 1-0 की लीड ले ली। हालांकि उसकी यह बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह पाई और इंग्लैंड ने किस्मत के सहारे ही सही बराबरी गोल हासिल कर ली। इंग्लैंड के लिए बराबरी का यह गोल सिमोन जाएल ने 39वें मिनट में आत्मघाती गोल के रूप में दागा। दोनों दूसरे हाफ में निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर थी। लेकिन इंजुरी टाइम में डेनमार्क के जेंसन को रेड कार्ड दिखाया गया और वह बाहर चले गए। इंग्लैंड ने इसका बखूबी फायदा उठाते हुए 104वें मिनट में गोल करके इंग्लैंड को 2-1 की शानदार जीत दिला दी।




