गोरखपुर:-
सहजनवा नगर पंचायत में आवारा पशुओं के कारण उत्पन्न हो रही गंभीर समस्या की ओर अधिकारियों और जनता का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूँ।
पिछले कुछ समय से नगर पंचायत के विभिन्न हिस्सों में छुट्टा पशुओं का जमावड़ा बहुत बढ़ गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन पशुओं के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है, खासकर शाम और रात के समय। ये पशु अक्सर यातायात को बाधित करते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। किसानों की फसलें भी इन पशुओं से सुरक्षित नहीं हैं, क्योंकि ये खेतों में घुसकर फसल को बर्बाद कर देते हैं।
इन समस्याओं को देखते हुए, आज समाजसेवी दुर्गेश मास्टर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सहजनवा तहसील के उप जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन आवारा पशुओं को पकड़कर किसी सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए। उन्होंने इस समस्या के तत्काल समाधान पर जोर दिया, ताकि आम जनता को इस असुविधा से राहत मिल सके और उनका जीवन सुरक्षित हो सके।




