Delimitation Bill 2026: इंडिया गठबंधन ने प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक पर अपनी रणनीति साफ करते हुए केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। 30 नवंबर 2026 से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले, नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित गठबंधन के प्रमुख नेता शामिल हुए और परिसीमन साथ ही महिला आरक्षण से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर एक संयुक्त रुख तय किया गया।
Delimitation Bill 2026: इंडिया ब्लॉक की तीन प्रमुख मांगें
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने सोशल मीडिया और प्रेस बयानों के माध्यम से साफ किया कि वे किसी भी नए बदलाव के बजाय वर्तमान संवैधानिक संतुलन को बनाए रखने के पक्ष में हैं। उनकी तीन मुख्य मांगें हैं:
लोकसभा की वर्तमान संख्या बनाए रखना- लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाने के बजाय उनकी संख्या पहले की तरह ही रखने की गठबंधन की पहली मांग है।
मौजूदा संख्या के भीतर महिला आरक्षण लागू करना- दूसरी मांग यह है कि महिलाओं को दिए जाने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण को लोकसभा की वर्तमान सदस्य संख्या के आधार पर ही तत्काल लागू किया जाए, न कि इसे सीटों के विस्तार या परिसीमन की शर्त से जोड़ा जाए।
अगले 25 वर्षों तक राज्यवार सीट शेयर सुरक्षित रखना- गठबंधन चाहता है कि लोकसभा में हर राज्य को मिलने वाली सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर ही बना रहे। इसके तहत 25 साल यानी 2051 तक राज्यों की सीटों के बंटवारे में कोई बदलाव न किया जाए।
यह विवाद केंद्र सरकार के दो नए विधेयकों को लेकर है। इनमें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक, 2026 शामिल हैं। केंद्रीय कैबिनेट ने हाल ही में इन दोनों विधेयकों को मंजूरी दी है। केंद्र सरकार के प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाकर कुल संख्या करीब 850 करने की बात कही गई है। वहीं, विपक्ष चाहता है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें ही बरकरार रखी जाएं। गठबंधन की मांग है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को मिलने वाली सीटों का अनुपात अगले 25 साल यानी 2051 तक नहीं बदला जाए। इसके अलावा, विपक्ष चाहता है कि सीटें बढ़ाने या नए परिसीमन की प्रक्रिया का इंतजार किए बिना मौजूदा लोकसभा सीटों में ही 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाए।
इससे पहले अप्रैल 2026 में जब सरकार ने परिसीमन से जुड़ा पहला विधेयक पेश किया था, तो संसद में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण वह पारित नहीं हो सका था। उस समय दक्षिण भारतीय राज्यों ने जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका जताई थी। (Delimitation Bill 2026)
विपक्षी खेमे में मतभेद और चुनौतियां
केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने और अगले 25 साल तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव को लेकर विपक्षी गठबंधन में भी अलग-अलग राय सामने आने लगी हैं। तमिलनाडू की सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक ने संकेत दिया है कि यदि नए विधेयक में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी सुरक्षित रहती है और 25 साल की रोक का प्रावधान शामिल है, तो वह इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। (Delimitation Bill 2026)
शरद पवार की पार्टी NCP (शरदचंद्र पवार) ने भी विधेयक का अंतिम मसौदा देखने के बाद समर्थन करने के संकेत दिए हैं। वहीं, कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव गुट) का कहना है कि सभी दलों की सहमति के बिना लोकसभा की सीटें बढ़ाना सही नहीं है। उनका यह भी मानना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन से नहीं जोड़ना चाहिए। दूसरी ओर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने भी इस प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा है कि इससे दक्षिण भारत के राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं।
आगे की राह
संसद के विशेष सत्र में संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। जहां सरकार क्षेत्रीय दलों के समर्थन से इस आंकड़े को जुटाने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक का एक बड़ा हिस्सा अपनी तीन मांगों पर अड़ा हुआ है। आने वाले दिनों में संसद के भीतर इस मुद्दे पर तीखी बहस और राजनीतिक समीकरणों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। (Delimitation Bill 2026)