SSB की पहल: ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन से गूँज उठा बाबा कमला प्रसाद इंटर कॉलेज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

195 छात्र-छात्राओं ने भरी राष्ट्रभक्ति की हुंकार, गीत के 150 गौरवशाली वर्षों से रूबरू हुए युवा।

महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभा रही 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बुधवार को राष्ट्रभक्ति की एक नई अलख जगाई। बरगदवा स्थित बाबा कमला प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में SSB द्वारा आयोजित ‘वन्दे मातरम्’ सामूहिक गायन कार्यक्रम ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

इस भव्य आयोजन में विद्यालय के 195 छात्र-छात्राओं (105 छात्र व 90 छात्राएं) ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में SSB के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गीत महज शब्द नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम का वह उद्घोष था जिसने सोए हुए राष्ट्र को जगाने का काम किया था।

सहायक कमांडेंट मयंक गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और संस्कारों का बीजारोपण करना है। इस दौरान विद्यालय के 16 शिक्षकों सहित SSB के अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने SSB की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भविष्य के राष्ट्र नायकों के निर्माण के लिए जरूरी बताया।