बिल्हौर (कानपुर)। थाना क्षेत्र के नानामऊ गांव में सिद्ध पीठ मां पंथा देवी के मंदिरों में नवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह से संध्या तक चलेगा, जिसमें श्रद्धालु माता पंथा देवी की आराधना में शामिल होकर अपने मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करेंगे।
भंडारे का आयोजन विशेष रूप से 2 तारीख को किया जाएगा, जिसमें हजारों भक्त प्रसाद ग्रहण कर माता की भक्ति में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव प्राप्त करेंगे। वहीं, नवरात्रि के आठवें दिन शोभा यात्रा के साथ मूर्ति स्थापना का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दिन मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ जिसके लिए भक्तजन बड़ी संख्या में मंदिर में इकट्ठा हुए
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पर्व गांव की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का अहम हिस्सा बन गया है। भक्तजन सुबह से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे और माता के जयकारों के साथ मंदिर परिसर को भक्ति और उल्लास से भर दिया।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सभी धार्मिक गतिविधियों का पालन धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि नवरात्रि के इस आयोजन से न केवल धार्मिक चेतना बढ़ी है, बल्कि गांव में भाईचारा और सौहार्द का माहौल भी देखने को मिला।
इस अवसर पर छोटे-बड़े सभी उम्र के लोग माता पंथा देवी की आराधना में जुटे और बच्चों ने भी भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।





