बिहार—–
पटना: समाचार प्रकाश में आया है कि बिहार राज्य के बिहटा में बालू माफियाओं का आतंक इतना बढ़ गया है कि उन्हें पुलिस प्रशासन कोई डर नहीं रह गया है। बालू के अवैध खनन में इतना पैसा है कि बालू माफिया अवैध कमाई के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बिहटा में बेखौफ बालू माफिया द्वारा पुलिस पर हमला कर दिया गया। पुलिस पर किये गये हमले को अभी 48 घंटे भी नहीं बीते हैं कि अवैध बालू खनन से मना करने पर एक किसान को गोली मारकर प्रशासन को खुली चुनौती दे दी है।
बालू माफिया जब पुलिस को कुछ नहीं समझ रही है तो आम आदमी की क्या बिसात है कि बालू माफियाओं से उलझे। मामला बिहटा का है जहां बालू माफियाओं ने शुक्रवार की रात पुलिस पर हमला बोल दिया। अभी उक्त घटना हुये 48 घंटे भी नहीं बीते थे कि बालू माफियाओं ने एक किसान को इसलिए गोली मार दी कि उसने बालू खनन से मना किया था। इस प्रकार बालू माफियाओं ने जिला प्रशासन को खुले तौर पर चुनौती देने का काम किया है।
यह मामला बिहटा के अमनाबाद के बालू घाट का है जहां एक युवक को बालू खनन से मना करने पर माफिया ने उस युवक को गोलियों से भून डाला और मौका-ए-वारदात पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमनाबाद निवासी बलराम राय के बेटे मुन्ना कुमार के रुप में की गई है। जानकारी के मुताबिक मुन्ना कुमार ने अपने खेत से बालू खनन से रोका था।
मुन्ना का अपने खेत से बालू खनन को रोकना बालू माफिया को इतना नागवार लगा कि उसे खेत में ही गोलियों से भून दिया। रविवार को घटित इस घटना से पूरे इलाके में खौफ और दहशत फैल गया है।इस वारदात से दो दिन पहले बिहटा में एक मुखिया पति को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया गया था।अभी तक पुलिस किसी अपराधी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उनका अभी तफ्तीश चल रहा है। बताया जाता है कि मृतक मुन्ना कुमार खेती करके और ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस बाबत पुलिस की ओर से अभी तक कुछ भी खुलासा नहीं किया गया है।
जे.पी.श्रीवास्तव,
ब्यूरो चीफ, बिहार।





