दिल्ली : अगस्त में एक दिन की बारिश ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड, ऑरेंज अलर्ट जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि दिल्ली में 139 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो गत 13 साल में अगस्त महीने में 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बारिश है। आईएमडी ने इसके साथ ही शहर के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कई हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की गई जिससे पारा लुढ़क गया और दिल्ली वालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली के लिए मानक माने जाने वाले सफरदजंग वेधशाला (Safdarjung Observatory) के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी में शुक्रवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट से लेकर शनिवार सुबह आठ बजकर 30 मिनट (24 घंटे की अविध) के बीच 139 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि रिज केंद्र में 149.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश से लबालब हुईं सड़कें, जगह-जगह लगा लंबा जाम

उन्होंने बताया कि 13 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब अगस्त महीने में एक दिन में इतनी बारिश दर्ज की गई है। अब तक दिल्ली में अगस्त महीने के दौरान एक दिन में सबसे अधिक बारिश होने का रिकॉर्ड 184 मिमी है जो दो अगस्त 1961 को दर्ज की गई थी।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश की वजह से दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम, 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत है।

मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि शनिवार दिन में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आईएमडी ने दिल्ली के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट, जबकि रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

गौरतलब है कि 15 मिमी से कम बारिश को ‘हल्की, 15 मिमी से 64.5 मिमी के बीच को ‘मध्यम, 64.5 मिमी से 115.5 मिमी के बीच ‘भारी, 115.5 मिमी से 204.4 मिमी के भी ‘बेहद भारी श्रेणी में माना जाता है। 204.4 मिमी से अधिक बारिश को ‘बेहद भारी बारिश श्रेणी में माना जाता है।

बारिश की वजह से मिंटो ब्रिज, मूलचंद अंडरपास और आईटीओ सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। जलजमाव की वजह से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई अंडरपास को बंद कर दिया है और संबंधित जानकारी ट्विटर के माध्यम से लोगों को दे रही है।

वायु गुणवत्ता में भी सुधार

दिल्ली में भारी बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचंकाक 67 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक श्रेणी में आता है। बता दें कि एक्यूआई को शून्य और 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। 

Source link