फुटबॉलर संदेश झिंगन ने किया एक और कमाल, इस लीग में खेलने वाले पहले भारतीय बनेंगे 

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारतीय फुटबॉलर संदेश झिंगन इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब एटीके मोहन बागान को छोड़कर एचएनके सिबेनिक से जुड़ गए हैं और अब वह क्रोएशिया की शीर्ष टीयर लीग परवा एचएनएल में खेलने वाले पहले भारतीय इंटरनेशनल फुटबॉलर बनेंगे। पिछले महीने ही भारत के साल के बेस्ट फुटबॉलर चुने गए 28 साल के झिंगन क्रोएशिया पहुंच चुके हैं और रविवार को उन्होंने हरवात्स्की ड्रेगोवोलयेक के खिलाफ घरेलू मुकाबला देखा, जिसमें उनकी टीम ने जीत दर्ज की। 

एचएनके सिबेनिक के सीईओ फ्रांसिस्को कारडोना ने कहा, ‘ हमें उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है क्योंकि हमने विभिन्न मंचों पर उनके अतीत के प्रदर्शन को देखे हैं। हालांकि हमें पता है कि सामंजस्य बैठाने की प्रक्रिया में कुछ हफ्ते लग सकते हैं। लेकिन हमें भरोसा है कि उनके स्तर और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए वह टीम का महत्वपूर्ण सदस्य बन सकते हैं।’ 

झिंगन क्रोएशिया में एचएनके सिबेनिक की ओर से खेलने का मौका मिलने से रोमांचित हैं। डिफेंडर ने कहा, ‘ मुझे लगता है कि मैं अपने करियर के ऐसे स्टेज पर हूं, जहां मैं टॉप लेवल पर खुद को परखना चाहता हूं। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए प्रदर्शन करने के लिए अच्छा प्लेटफॉर्म है। जैसा कि मैंने कहा कि यूरोप में खेलना मेरी इच्छा थी और मैंने इस चैलेंज को स्वीकार किया है।’ 

LIVE मैच के दौरान बीच मैदान में घुस आया दो साल का बच्चा, ..जब मां पकड़ने के लिए दौड़ी तो फिर क्या हुआ- VIDEO

उन्होंने कहा, ‘ मुख्य कोच मारियो रोसास और टीम के मालिकों तथा प्रबंधन को मुझे यहां आने का मौका देने के लिए धन्यवाद। मैं मैदान पर उतरने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता और प्रत्येक मौके पर शत प्रतिशत देने के लिए उत्सुक हूं।’ एक दिसंबर 1932 को स्थापित एचएनके सेबेनिक ने पिछले सीजन में नए प्रबंधन के मार्गदर्शन में प्रीमियर डिविजन में वापसी की थी। क्लब लीग में छठे स्थान पर रहा था। शीर्ष चार टीमें यूरोपीय प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करती हैं।

Source link