भारतीय महिला हॉकी टीम ने वो कर दिखाया है जिसके बारे में किसी ने इससे पहले सोचा भी नहीं था। जब भारतीय महिला हॉकी टीम टोक्यो के लिए रवाना हुई थी तो ऐसा ही लग रहा था कि ये टीम ग्रुप स्टेज तक का ही सफर तय कर पाएगी, या ज्यादा से ज्यादा क्वार्टरफाइनल तक जाएंगी। मगर इन खिलाड़ियों ने सब कयासों पर पानी फेर दिया और सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। क्वार्टरफाइनल में भारतीय टीम ने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-0 से हराकर सभी फैन्स के मन में महिला टीम से एक पदक की उम्मीद जगा दी। मगर ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारतीय टीम ब्रिटेन की चुनौती से पार नहीं पा सकीं। बहरहाल, टीम इंडिया के इस प्रदर्शन की देश में हर कोई तारीफ कर रहा है। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला हॉकी टीम से बात की, और उनका हौसला बढ़ाया। इस लिस्ट में अब ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने भी टीम से बात की और उनके खेल की जमकर तारीफ की।
नवीन पटनायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करते हुए खिलाड़ियों से कहा, ‘आपने काफी अच्छा खेला, आपने बहुत मेहनत की, आप भले ही मैच हार गए हैं, लेकिन हमारे दिल जीत लिए हैं। आप सभी को बधाई हो क्योंकि आपने इतनी मेहनत की है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आप 17 को यहां आ रहे हैं फिर हम मिलेंगे और मैं आपको बधाई दूंगा।’ इसके जवाब में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने उनका शुक्रिया अदा किया। रानी ने कहा, ‘मेरी और मेरी टीम की तरफ से आपका बहुत बहुत धन्यवाद। आपके और ओडिशा सरकार ने इस सफर में हमारी काफी मदद की है।
Spoke to the stars of Indian Women #Hockey Team and congratulated them for their exemplary performance in #Tokyo2020. They may have lost the match, but they have won over a billion hearts. May the team continue to inspire and set the path for a golden future. #Cheer4India pic.twitter.com/7GshNwZWNm
— Naveen Patnaik (@Naveen_Odisha) August 6, 2021
बता दें कि जब भारतीय हॉकी को किसी प्रायोजक की तलाश थी, तब ओडिशा सरकार और नवीन पटनायक ने भारत की दोनों पुरुष और महिला हॉकी टीम के प्रायोजक बने और दोनों ही टीम को काफी मदद पहुंचाई। ओडिशा सरकार ने 2018 में भारत की हॉकी टीम के प्रायोजक बने थे। ओडिशा सरकार ने ओडिशा को स्पोर्ट्स हब बनाने में काफी मदद की है।




