टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम को ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेले गए मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन के हाथों 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन रानी रामपाल की अगुवाई में टीम का ओलंपिक में सफर शानदार रहा और टीम ने पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा। हॉकी टीम के इस दमदार प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा सरकार ने भारतीय टीम में शामिल प्रदेश की 9 खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है। हार के बावजूद पूरा देश भारत के इन बेटियों के प्रदर्शन की सराहना कर रहा है।
Haryana Government will award Rs 50 lakhs each to the nine members of the Olympics women’s hockey team who are from Haryana. I congratulate the Indian team for their praiseworthy performance at the Tokyo Olympics.
— Manohar Lal (@mlkhattar) August 6, 2021
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा , ‘हरियाणा सरकार ओलंपिक महिला हॉकी टीम में शामिल प्रदेश की नौ खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये नकद पुरस्कार देगी।’ उन्होंने ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहकर अब तक का बेस्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को बधाई दी। भारतीय टीम के ब्रॉन्ज मेडल जीतने के सपने को ग्रेट ब्रिटेन की टीम ने चकनाचूर किया। हरियाणा और पंजाब में खिलाड़ियों के परिवार भारत की जीत की आस में टीवी के सामने नजरें गड़ाए बैठे रहे। कुरुक्षेत्र के शाहबाद में रानी के पिता रामपाल ने कहा कि टीम अच्छा खेली लेकिन बदकिस्मती से पहला पदक नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा कि टीम के प्रदर्शन से खेल पर और युवाओं पर सकारात्मक असर पड़ेगा। गोलकीपर सविता पूनिया के पिता महेंदर पूनिया ने सिरसा में कहा , ‘मैच का नतीजा भले ही जो हो लेकिन वे अच्छा खेले।’
भारतीय टीम एक समय मुकाबले में 0-2 से पिछड़ रही थी, लेकिन टीम ने जोरदार वापसी करते हुए 3-2 की बढ़त हासिल कर ली थी। भारत ने इस मैच को जीतने के लिए सबकुछ दांव पर लगा दिया था। आखिरी क्वार्टर में ग्रेट ब्रिटेन को पेनल्टी कॉर्नर देना और उसका बचाव नहीं कर पाना अंत में टीम को सबसे ज्यादा भारी पड़ा और ग्रेट ब्रिटेन ने यहीं पर 4-3 से बढ़त हासिल कर ली, जो बाद में निर्णायक स्कोर साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा देश इन बेटियों को सलाम कर रहा है और यह भी किसी जीत से कम नहीं है। इन लड़कियों ने साबित कर दिया है कि इस बार हम मेडल से चूक गए तो क्या, अगली बार जरूर मेडल लाएंगे।




