भारत की महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में दो पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। सिंधु ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक खेलों के नौवें दिन चीन की ही बिंग जियाओ को सीधे गेम में 21-13, 21-15 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया। पदक जीतने के साथ ही सिंधु भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने लगातार दो ओलंपिक खेलों में देश के लिए पदक जीता है। उन्होंने इससे पहले, रियो ओलंपिक खेलों में सिल्वर मेडल जीता था। सिंधु की इस उपलब्धि पर पूरा देश उन्हें बधाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सिंधु को बधाई दी है। सिंधु अब जब मेडल लेकर स्वदेश लौटेंगी, तो पीएम मोदी उनके साथ आइसक्रीम खाएंगे। सिंधु के पिता पीवी रमन्ना ने इसका खुलासा किया है।
I think she’s coming on Aug 3. I’m planning to go to Delhi. We have to get as many medals as we can for country at Olympics. PM encouraged her & told Sindhu that we’ll eat ice-cream together after returning from Tokyo. Now, she’ll eat ice-cream with PM: PV Ramana, Sindhu’s father pic.twitter.com/5tChxNm3SG
— ANI (@ANI) August 1, 2021
रमन्ना ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘मुझे लगता है कि वह तीन अगस्त को स्वदेश लौट रही हैं। उनको रिसीव करने के लिए मेरा दिल्ली जाने का प्लान है। टोक्यो जाने से पहले पीएम मोदी ने सिंधु का काफी हौसलाआफजाइ किया था और सिंधु से कहा था कि जब आप मेडल के साथ लौटेंगे, तब हम आइसक्रीम खाएंगे। अब स्वदेश लौटने के बाद सिंधु पीएम मोदी के साथ आइसक्रीम खाएगी।’
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने टोक्यो रवाना होने से पहले सभी एथलीटों के साथ बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने सिंधु से बात करते हुए उनसे उनके डाइट के बारे में भी बात की थी। मोदी ने सिंधु से कहा था कि आपको अपनी तैयारियों के लिए आइसक्रीम तक भी छोड़नी पड़ी थी। पीएम ने आगे कहा था कि आप टोक्यो से पदक जीतकर लाइए और फिर हम एकसाथ आइसक्रीम खाएंगे।




