वर्ल्ड की नंबर एक खिलाड़ी ऐश बार्टी ने शनिवार को विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स का खिताब जीता। ऑस्ट्रेलिया की ऐश बार्टी ने फाइनल में चेक गणराज्य की कैरोलिना पिलिसकोवा को हराकर पहली बार विंबलडन खिताब अपने नाम किया। वो 1980 के बाद विंबलडन में जीतने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला हैं। ऐश बार्टी जूनियर विंबलडन चैंपियन भी रह चुकी हैं। साल 2014 में उन्होंने टेनिस ने ब्रेक लिया था। इसके अगले साल उन्होंने ब्रिस्बेन हीट की तरफ से महिला बिग बैश लीग में खेला। बिग बैश लीग ऑस्ट्रेलिया की टॉप टी-20 लीग है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने रविवार को ट्विटर पर ऐश बार्टी का एक पुराना वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में बार्टी ब्रिस्बेन हीट की तरफ से नेट्स में प्रैक्टिस कर रही है। इस वीडियो को शेयर करते हुए आईसीसी ने कैप्शन में लिखा डब्ल्यूबीबीएल के पूर्व खिलाड़ी ऐश बार्टी को विंबलडन 2021 का चैंपियन बनने पर बधाई। बार्टी ने साल 2019 में एक इंटरव्यू में अपने क्रिकेट करियर के बारे में कहा था कि यह वास्तव में मेरे जीवन का एक शानदार दौर था।
Congrats to former WBBL player @ashbarty on becoming 2021 @Wimbledon champion! ???? pic.twitter.com/JbkMwIZrGl
— ICC (@ICC) July 11, 2021
शनिवार को खेले गए मुकाबले में ऐश बार्टी ने चेक गणराज्य की कारोलिना को 6-3, 6-7, 6-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। ये मैच एक घंटे 56 मिनट तक चला। ऐश बार्टी ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया। लेकिन कैरोलिना पिलिसकोवा ने दूसरा सेट 6-7 से अपने नाम कर लिया। अंतिम सेट में ऐश बार्टी ने पिलिसकोवा को कोई मौका नहीं दिया और सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया। 25 साल की बार्टी साल 1980 में इवोन गुलागोंग के बाद ऑल इंग्लैंड क्लब में एकल ट्रॉफी जीतने वाली पहली ऑस्ट्रेलियाई महिला हैं। बार्टी ने कहा कि उन्हें गूलागोंग से काफी प्रेरणा मिली हैं। उन्होंने विम्बलडन में वैसी ही ड्रेस पहनी जैसी गूलागोंग ने 1971 में पहली बार टूर्नामेंट जीतने के दौरान पहनी थी।
विंबलडन फाइनल में पहली बार पहुंची ऐश बार्टी का क्रिकेट से है खास कनेक्शन




