टोक्यो ओलंपिक: IOC ने टीमों को वैकल्पिक खिलाड़ियों को टीम का हिस्सा बनाने की परमिशन दी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी(आईओसी) ने कोविड-19 महामारी की चुनौतियों को देखते हुए कहा है कि आगामी टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले देशों को स्टैंड बाई और ‘वैकल्पिक खिलाड़ियों को कुछ खेलों की टीमों का हिस्सा बनाने की अनुमति दी जाएगी। ओलंपिक में टीम स्पर्धाओं में अन्य इंटरनेशनल टूर्नामेंट की तुलना में कुछ ही खिलाड़ी उपलब्ध होते हैं लेकिन आईओसी ने इंटरनेशनल महासंघों (आईएफ) के साथ चर्चा के बाद ‘कुछ खेलों में टीम चयन के लिए लचीलापन प्रदान करने का फैसला किया है।
    
आईओसी ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘पहले वैकल्पिक खिलाड़ी फुटबॉल, हैंडबॉल, हॉकी, रग्बी और वॉटर पोलो में उपलब्ध होते थे। हालांकि ये ओलंपिक टीम के लिये स्थाई सब्सिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर ही उपलब्ध होते थे।’ इसमें कहा गया, ‘अब प्रत्येक राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) प्रत्येक मैच में इन खिलाड़ियों का इस्तेमाल कर पाएगी।’ बयान के अनुसार, ‘इससे जापान में खिलाड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं होगी बल्कि इससे बड़े दल में से टीम चुनने में ज्यादा लचीलापन आ जाएगा। इससे टोक्यो ओलंपिक खेल 2020 के (कोविड-19 के कारण बने) अलग हालात को देखते हुए एनओसी को मैच के लिये टीम चुनने में ज्यादा से ज्यादा लचीलापन दिया जाएगा। 

टोक्यो ओलंपिक के लिए जापान पहुंचा सर्बियाई खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव

फीफा (इंटरनेशनल फुटबॉल संचालन संस्था) ने शुक्रवार को कहा था कि इस साल ओलंपिक के लिये खिलाड़ियों में सूची में 22 फुटबॉलर होंगे (जिसमें चार वैकल्पिक खिलाड़ी शामिल होंगे) और एक मैच के चयन के लिए सभी उपलब्ध होंगे लेकिन मैच के लिए शुरुआती सूची में केवल 18 ही खिलाड़ी होंगे। पिछले ओलंपिक खेलों में सूची में 18 खिलाड़ी और चार वैकल्पिक खिलाड़ी शामिल होते थे जिसमें से वैकल्पिक खिलाड़ियों को किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में सब्सिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था जिससे एक बार खिलाड़ी हट जाए तो वह वापसी नहीं कर सकता था। 

Source link