इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) ने अगले महीने से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए टेनिस खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी है। आईटीएफ ने टोक्यो ओलंपिक एंट्री लिस्ट में सर्बिया के नोवाक जोकोविच, स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर, जापान की नाओमी ओसाका और ऑस्ट्रेलिया की ऐशलेग बार्टी को शामिल किया है। हालांकि अंतिम एंट्री लिस्ट में अब भी बदलाव हो सकता है। फेडरर ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह 11 जुलाई को विम्बलडन के खत्म होने का इंतजार करेंगे और उसके बाद फैसला करेंगे कि वह जापान जाना चाहेंगे या नहीं।
जोकोविच ने स्पष्ट कर दिया है कि वह ‘गोल्डन स्लैम पूरा करने की कोशिश करेंगे, जिसे 1988 में स्टेफी ग्राफ ही पूरा कर पाई थी जब उन्होंने एक ही साल में चारों ग्रैंडस्लैम जीतने के अलावा ओलंपिक एकल गोल्ड मेडल भी जीता था। जोकोविच इस साल फरवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन और पिछले महीने फ्रेंच ओपन का खिताब जीत चुके हैं और शुक्रवार को उन्हें विम्बलडन में तीसरे दौर का मुकाबला खेलना है।
ओलंपिक के साथ ओसाका की प्रतियोगिताओं में वापसी होगी। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े ब्रेक लेने के लिए वह फ्रेंच ओपन के पहले दौर के बाद हट गई थी। ओलंपिक 23 जुलाई से खेले जाएंगे और टेनिस प्रतियोगिता इसके अगले दिन से हार्ड कोर्ट पर शुरू होगी। क्वालीफाइड खिलाड़ियों की 14 जून की रैंकिंग होगी। इसके एक दिन पहले फ्रेंच ओपन खत्म हुआ था।
जापान के प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने कहा, बिना दर्शकों के भी हो सकते हैं टोक्यो ओलंपिक
महिलाओं में नंबर एक खिलाड़ी बार्टी, नंबर दो ओसाका, नंबर चार बेलारूस की एरिना सबालेंका, नंबर पांच युक्रेन की एलिना स्वितोलिना, नंबर सात कनाडा के बियांका आंद्रेस्क्यू, नंबर नौ पोलैंड की इगा स्वियातेक और नंबर 10 चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा हैं। रोमानिया की सिमोना हालेप के अलावा अमेरिका की सेरेना विलियम्स और सोफिया केनिन टोक्यो नहीं जाएंगी।
पुरुष वर्ग में नंबर एक जोकोविच, नंबर दो रूस के डेनिल मेदवेदेव, नंबर चार यूनान के स्टीफानोस सितसिपास, नंबर छह जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव, नंबर सात रूस के आंद्रे रूबलेव, नंबर आठ फेडरर और नंबर नौ इटली के मातियो बेरेटिनी हैं।
Tokyo Olympic: आईओसी का बड़ा फैसला, दूध पीते बच्चों को टोक्यो साथ ले जा सकेंगी महिला एथलीट्स
स्पेन के रफेल नडाल और रोबर्टो बतिस्ता आगुत और आस्ट्रिया के डोमीनिक थीम टोक्यो नहीं जाएंगे। दो बार के मौजूदा चैंपियन ब्रिटेन के एंडी मरे भी लिस्ट में शामिल हैं जिन्हें विशेष छूट दी गई क्योंकि जिन खिलाड़ियों की रैंकिंग सीधे प्रवेश के लिए पर्याप्त नहीं है, उनमें उन्होंने सबसे अधिक ओलंपिक और ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं।




