अमेरिका की 23 बार की ग्रैंडस्लैम विजेता सेरेना विलियम्स के लिए विम्बलडन 2021 की शुरुआत बेहद खराब रही, जहां उन्हें चोट के चलते टूर्नामेंट के पहले मैच से ही बाहर होना पड़ा। एलियाक्सांड्रा सैस्नोविच के खिलाफ मुकाबले में सेरेना चोट के कारण बीच मैच से ही हट गईं और सैस्नोविच को जीत मिल गई। सेरेना का मुकाबला केवल 34 मिनट तक चल सका और इस बीच एक बार उन्होंने इलाज के लिए कोर्ट भी छोड़ा था।
चोट के चलते टोक्यो ओलंपिक से हटीं सिमोना हालेप, विम्बलडन से भी नाम ले चुकी हैं वापस
2016 में आखिरी बार विम्बलडन जीतने वाली सेरेना इस बार टूर्नामेंट में अच्छा करने की उम्मीद में थीं, लेकिन चोट की वजह से ऐसा नहीं हो सका और वे पहले राउंड से ही बाहर हो गईं। सेरेना ने जिस वक्त मैच छोड़ा था, उस समय पहले सेट का खेल जारी था और स्कोर 3-3 के साथ बराबरी पर था। छठी वरीयता प्राप्त सेरेना ने जैसे ही मैच में आगे न खेलने का फैसला किया, वैसे ही उनकी आंखों में आंसू आ गए। इसके बाद मैदान पर उपस्थित सभी दर्शकों ने उनका खड़े होकर स्वागत किया।
रिमझिम फुहारों के बीच विम्बलडन की वापसी, नोवाक जोकोविच ने जीता पहला मैच
टोक्यो ओलंपिक से नाम वापस ले चुकी हैं सेरेना
सेरेना ने रविवार को ऐलान किया था कि वे टोक्यो ओलंपिक में अमेरिकी टीम का हिस्सा नहीं होंगी। बता दें कि सेरेना टेनिस के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे सफल ओलंपियन हैं। सेरेना ने अमेरिका के लिए ओलंपिक खेलों में चार स्वर्ण पदक जीते हैं, जिसमें 2012 लंदन ओलंपिक में सिंगल और डबल्स दोनों वर्ग का गोल्ड मेडल शामिल हैं। सेरेना 2000 में सिडनी और 2008 में बीजिंग ओलंपिक में डबल्स कैटेगेरी में भी गोल्ड जीत चुकी हैं। उन्होंने डबल्स के सभी गोल्ड अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ जीते हैं।




