भारत की महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पेरिस तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। दीपिका ने प्रतियोगिता में व्यक्तिगत, महिला डबल्स और मिक्स डबल्स में गोल्ड मेडल जीतकर हैट्रिक बनाई। अपने इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत दीपिका दुनिया की नंबर वन तीरंदाज बन गई हैं।
दीपिका ने सबसे पहले रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में रूस की एलेना ओसीपोवा को 6-0 से पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। दीपिका ने पहला सेट 29-27 से जीता और इसके बाद दूसरा सेट 29-28 से जीतकर 4-0 की बढ़त बनाई और तीसरे सेट में दीपिका ने 28-27 से जीत हासिल की।
दीपिका कुमार की गोल्डन हैट्रिक, पति अतानु दास के साथ मिक्स डबल्स में जीता गोल्ड मेडल
इसके बाद महिला टीम स्पर्धा का गोल्ड मेडल दीपिका की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मेक्सिको की टीम को 5-1 से हराकर जीता। दीपिका का शानदार प्रदर्शन यहीं तक नहीं थमा, बल्कि आगे भी जारी रहा। उन्होंने मिक्स डबल्स में पति अतानु दास के साथ मिलकर हॉलैंड की जोड़ी जेफ वान देन बर्ग और गेबी स्च्लोएसेर को हराकर एक बार फिर गोल्ड पर कब्जा जमाया।
अपनी इस शानदार उपलब्धि पर दीपिका ने कहा कि, ‘मैं ऐसा प्रदर्शन करके बेहद खुश हूं और इसको बरकरार रखना चाहती हूं। मैं इसमें और सुधार करना चाहता हूं कि क्योंकि आगे आने वाले टूर्नामेंट्स मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। मैं जो सीख सकती हूं उसे जारी रखने की पूरी कोशिश करूंगी।’




